मंडलायुक्त कार्यालय भवन के उदघाटन समारोह को संबोधित करते राज्यमंत्री रामकरन आर्य।
नवनिर्मित मंडलायुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण सोमवार को प्रदेश के आबकारी राज्य मंत्री राम करन आर्य ने किया। कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया। कहा कि विकास की मंजिल तय करने के लिए नियत रास्ते पर चलना होता है। अपना भवन मिलने से मंडल के कार्यों को अपेक्षित गति मिल सकेगी। डीएम नरेन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि शासन का प्रतिनिधित्व करने के लिए आयुक्त कार्यालय की स्थापना की गई है। शासन की नीतियों का अनुपालन अब इसी भवन से पूरे मंडल में कराया जाएगा। अपर आयुक्त प्रशासन राजाराम ने कहा कि यह भवन अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। भवन निर्माण की स्वीकृति सात जनवरी 2009 को मिली। निर्माण में नौ करोड़ 44 लाख 52 हजार रुपये की लागत आई है। लोकार्पण के दौरान महिला आयोग की सदस्य सुमन सिंह, जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी रवींद्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर एसपी शैलेश कुमार पांडेय, डीजीसी ईश्वर चन्द्र चौधरी, जेडीसी बीपी पांडेय, चीफ इंजीनियर विद्युत सीपी गुप्त सहित अन्य मौजूद रहे।