बस्ती। जिले के 39 पीएचसी पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन हुआ। यहां अधिकांश मरीज वायरल संक्रमण के आए। डॉक्टरों के अनुसार, तापमान में उतार-चढ़ाव का असर मरीजों पर दिखा। दिन में धूप के साथ ही पछुआ हवा में नमी भी बनी हुई है, इस वजह से सर्द-गर्म हो रहा है। इससे कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोग सर्दी-जुकाम, खांसी आदि की चपेट में आ रहे हैं। कुल, 875 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गई।
पीएचसी पर लगे आरोग्य मेले में सबसे अधिक मरीज मौसमी बीमारियों के ही आए। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में लापरवाही घातक हो सकती है। अभी सर्दी खत्म नहीं हुई है। इसलिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहने रहें। रात में तापमान में अधिक गिरावट आ रही है इसलिए कान ढककर रहें। इसके अलावा गुनगुना पानी पीएं और नहाने में भी गुनगुने पानी का ही प्रयोग करें। नगरीय पीएचसी बरदिया में डॉ. इंद्रावती कुमारी ने 46 मरीजों को परामर्श दिया। अधिकांश मरीज वायरल संक्रमण के थे।
पीएचसी नरहरिया में डॉ. आरपी सिंह ने 39 मरीजों को परामर्श दिया। अधिकांश मरीजों में सर्दी-जुकाम व बुखार मिला। खांसी से लोग पीड़ित थे। अधिकांश मरीज बीपी, जुकाम, खांसी व पेट में गैस से परेशानी लिए आए थे। मुंडेरवा संवाद के अनुसार, सीएचसी पर 18 मरीज आये। डॉ. अंकुर शुक्ल ने बताया कि अधिकांश मरीज वायरल संक्रमण के थे। फार्मासिस्ट गुलाब कुमार ने दवाएं बांटी। एएनएम बबिता अग्रहरि, ओपी यादव, भाष्कर, विनोद चौधरी, राजेश यादव ने सहयोग किया।
पीएचसी ओड़वारा में डॉ. सुनील कुमार ने 14 मरीजों की सेहत जांची। बुखार, सिरदर्द, सांस और त्वचा संबंधी मरीज आए। फार्मासिस्ट जगदंबा चौधरी ने दवाएं बांटी। ज्योत्सना सिंह ने सहयोग किया। बनकटी संवाद के अनुसार, पीएचसी बनकटी में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला में सन्नाटा दिखा। डॉ. अभिषेक यादव ने सात मरीजों की जांच की। कलवारी संवाद के अनुसार, सीएचसी बहादुरपुर में 25 मरीजों का इलाज किया गया। डाॅ. रितेश राव ने बताया कि मेला में बुखार, सर्दी-खांसी, हड्डी दर्द, खुजलाहट, उल्टी के आए। फार्मासिस्ट जितेंद्र नारायण ने दवाएं दी। एलटी राजेश कुमार, स्टाफ नर्स कल्पना मिश्रा, वार्ड ब्वॉय दीपचंद तथा स्वीपर रमजान अली ने साथ दिया।