बस्ती। किसान कांग्रेस उप्र पूर्वी जोन के अध्यक्ष रामभवन शुक्ल ने कहा कि गोविंदनगर शुगर मिल वाल्टरगंज को चालू कराने और कर्मचारियों के बकाये वेतन भुगतान को लेकर कांग्रेस पार्टी आ रपार का संघर्ष करेगी। जब तक कर्मचारियों के वेतन का एक-एक रुपया वसूल नहीं कर लेंगे, तब तक न तो मिल कटने देंगे और न ही यहां से उपकरण बाहर जाने देंगे।
प्रेस क्लब में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि वाल्टरगंज शुगर मिल के प्रकरण में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सांसद तनुज पुनिया सहित अन्य नेताओं से विस्तार से वार्ता हुई है। उन्होंने कहा कि 2004 में बजाज हिन्दुस्तान लिमिटेड ने इस मिल को नारंग कंपनी से खरीदकर फेनिल ग्रुप को दे दिया। 2020-21 में इस मिल की मरम्मत कराकर पूर्व में ट्रायल किया जा चुका है। मिल चलने योग्य पाई गई थी। लेकिन सैकड़ों कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर मिल को काटकर कबाड़ के रूप में बेचने की साजिश रची जा रही है।
इलाके के 75 किसानों ने नौकरी की लालच में अपनी जमीनें दे दी थीं। मिल बंद होने के साथ ही उनकी नौकरी भी खत्म हो चुकी है। इनमें कई किसान ऐसे हैं जो भूमिहीन हो चुके हैं और उनके पास आय का दूसरा कोई स्रोत नहीं है। 2018 से कर्मचारियों का करीब 10 करोड़ रुपये वेतन बकाया है। उनके परिवार भुखमरी के कगार पर हैं तथा कर्ज और सामाजिक अपमान की स्थिति में जीने को विवश हैं।