रतनपुरा गांव में बाबूलाल का शव मिलने पर रोते बिलखते परिजन-संवाद
वॉल्टरगंज। क्षेत्र के रतनपुरा गांव निवासी अधेड़ की गांव के समीप ही चकमार्ग मार्ग पर स्थित कोचिंग इंस्टिट्यूट के बगल में बृहस्पतिवार की सुबह शव मिला। मुंह में गमछा ठूंसा हुआ था और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के भाई के प्रार्थना पत्र पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रतनपुरा गांव के उत्तर तरफ बस्ती डुमरियागंज सड़क के बगल स्थित एक कोचिंग सेंटर के समीप चकमार्ग पर सुबह ग्रामीणों ने एक अंधेड़ का शव मिला। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने डायल 112 तथा स्थानीय पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस शव की पहचान कराने में जुट गई। थोड़ी ही देर में शव की पहचान रतनपुरा गांव के बाबूलाल (50) पुत्र स्वर्गीय राम दीन के रूप में हुई।
मृतक के मुंह में गमछा ठूंसा हुआ था और आंख के पास चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए। सर्विलांस टीम, फॉरेंसिक टीम, एसओजी टीम ने भी पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
भाई शिव कुमार के प्रार्थना पत्र पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।