एनपीएस और यूपीएस को बंद करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। ऑल इंडिया टीचर्स एंड इंपलाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के बैनर तले शिक्षक-कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए सांसद राम प्रसाद चौधरी को बुधवार को ज्ञापन सौंपा। शिक्षक-कर्मचारियों ने नई पेंशन व्यवस्था व यूनिफाइड पेंशन व्यवस्था को समाप्त किए जाने तथा पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
अटेवा के जिला संयोजक तौआब अली व जिला महामंत्री विजय नाथ तिवारी ने बताया कि ज्ञापन लेने के बाद सांसद ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा एवं कहा कि उनकी पार्टी सदैव शिक्षक-कर्मचारी के हित में निर्णय लेती रही है। मंडलीय महामंत्री दीपक सिंह प्रेमी, मंडलीय आय व्यय निरीक्षक डॉ. कमलेश चौधरी ने संयुक्त रूप से शेयर बाजार आधारित एनपीएस और यूपीएस को सरकार से तत्काल बंद कर पुरानी पेंशन बहाली की मांग की।
माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रांतीय कोषाध्यक्ष बिजेंद्र वर्मा, मंत्री ध्रुवनारायण चौधरी, मंडलीय मंत्री डॉ. श्रवण गुप्ता, जिलाध्यक्ष अजय कुमार वर्मा, जिलामंत्री डॉ. सत्यप्रकाश मौर्य ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की हर लड़ाई वह अटेवा के साथ मिलकर लड़ेंगे।
इस दौरान कैलाशनाथ, नीरज वर्मा, मनीष मिश्र, विनोद प्रकाश वर्मा, राकेश सिंह, बृजेश वर्मा, राहुल चौधरी, सुनील मौर्य, इरशाद अहमद आदि मौजूद रहे।