थानेदारी के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जरूरी
बस्ती। थानेदारी के लिए अब स्वास्थ्य संबंधी फिटनेस प्रमाणपत्र अनिवार्य कर दिया गया है। अब वही इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर थाने का प्रभार पाने के लिए अर्ह होंगे,जिनका स्वास्थ परीक्षण प्रमाणपत्र जमा होगा। जो थानेदार तैनात हैं या प्रभार पाने की लाइन में हैं,उनके लिए यह प्रमाणपत्र जमा करना होगा। इसके लिए समय सीमा निधार्रित कर दी गई है।
शुक्रवार को जिला अस्पताल समेत सभी सीएचसी/पीएचसी पर प्रभारी निरीक्षक, निरीक्षक व उपनिरीक्षकों को स्वास्थ प्रमाणपत्र बनावाने के लिए भागदौड़ करते देखा गया। जिले में महिला थाना समेत 17 थाने के प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों के अलावा करीब 70 निरीक्षक/उपनिरीक्षकों का नए सिरे से अप्रूूवल होना है। आईजी एके राय ने बताया कि जिनका फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं प्राप्त होगा, उनका अप्रूवल नहीं किया जाएगा। यदि पहले से उनका अप्रूवल है और वे थाने के प्रभारी है तो भी यह प्रमाणपत्र उन्हें जमा करना होगा। ऐसा न करने पर उनका अप्रूवल निरस्त कर दिया जाएगा। जिसके बाद उन्हें प्रभार से हटा दिया जाएगा।
इसलिए शुरू हुई पहल
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि जनपदीय पुलिस एवं राजकीय पुलिस के समस्त थानों में कानून एवं व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए योग्य, कर्मठ, कार्यकुशल और अच्छी सत्यनिष्ठा वाले थानाध्यक्ष ही तैनात हो। पूर्व का अनुभव, विशेष इनाम या मेडल, शैक्षणिक योग्यता, बुनियादी प्रशिक्षण, अन्य विशेष प्रशिक्षण, कंप्यूटर की जानकारी, महत्वपूर्ण उपलब्धि, आत्मविश्वास, कार्य पद्घति, लोक व्यवहार, शारीरिक स्वास्थ्य, यूनिफार्म, जनरल हेल्थ, नजरिया, हैंड राइटिंग, स्वभाव व उपलब्धि को भी देखा जाए। विभिन्न बिंदुओं पर ग्रेडिंग के आधार पर इंस्पेक्टर एवं सब इंस्पेक्टर का मूल्यांकन के बाद ही उन्हें अर्ह माना जाएगा।
क्या है अप्रूवल
सब इंस्पेक्टर को पांच वर्ष और इंस्पेक्टर को तीन वर्ष की नौकरी के बाद थाने का थानाध्यक्ष बनाने के लिए डीआईजी, आईजी स्तर से अप्रूवल दिया जाता है। इसका मतलब यह है कि संबंधित इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर थाने का प्रभारी के रूप में कार्य करने के लिए शारीरिक व मानसिक रूप से योग्य हैं। इसके लिए जिले स्तर से एसपी, एसएसपी प्रस्ताव बनाकर रेंज के डीआईजी, आइजी को भेजते हैं। सब कुछ मानक के अनुरूप पाए जाने पर डीआईजी, आईजी इसे फाइनल करके जिले को सूची भेजते हैं। उसी सूची में से एसपी थाने पर प्रभारी तैनात करते हैं।