विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज
सोनहा/भानपुर। सोनहा थाना क्षेत्र के जोगिया पाठक गांव के वाहिद चक मजरे में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 28 वर्षीय विवाहिता की झुलसने से मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची सोनहा थाने की पुलिस ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, विवाहिता के पिता की तहरीर पति, ससुर और देवर पर मुकदमा दर्ज किया है।
पदारथ गौतम निवासी पेलनी थाना सोनहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अपनी 28 वर्षीय बेटी रेनू गौतम का विवाह चार वर्ष पूर्व जोगिया पाठक गांव के वाहिद चक मजरा निवासी पिंटू गौतम के साथ की थी। ससुराल में आने के बाद कुछ दिन लोगों का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन उसके बाद से दामाद पिंटू, उसके पिता और भाई दहेज की मांग के लिए बेटी का उत्पीड़न करने लगे। इसकी शिकायत रेनू ने फोन से कई बार की थी। आरोप है कि इसी बात पर ससुराल के लोगों ने उसे मारकर जला दिया। रेनू की तीन वर्ष की एक बेटी मीनाक्षी भी है।
घटना की सूचना पाकर मौके पर अपनी टीम के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक सोनहा अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रेनू का शव उसके घर के बरामदे में चारपाई पर अधजले हाल में पड़ा मिला। उन्होंने इसकी सूचना सीओ रुधौली धनंजय कुमार कुशवाहा को भी दी। रेनू कैसे जली, इस बारे में जांच की जा रही है। सीओ रूधौली धनंजय कुुमार कुशवाहा ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जांच की जा रही है।