बस्ती। शहर के खैर इंटर कॉलेज के क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे खैर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को बस्ती की दो टीमों के बीच मुकाबला हुआ। बस्ती चैलेंजर्स बनाम मलिक स्पोर्टिंग क्लब बस्ती के बीच मैच खेला गया, जिसमें मलिक स्पोर्टिंग क्लब ने बस्ती चैलेंजर्स को 63 रन से हराया। खिलाड़ियों ने खूब चौके-छक्के जड़े। यह देख दर्शक उत्साहित नजर आए। तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते दिखे।
टॉस जीतकर मलिक स्पोर्टिंग ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 35 ओवर के मैच में नौ विकेट खोकर 275 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आलोक मिश्रा नाबाद रहते हुए शानदार 86 रन बनाए। गौरव गोस्वामी ने 35 और आशीष चौहान ने 34 रन की पारी खेली। बस्ती चैलेंजर्स की ओर से बलवंत ने तीन विकेट और दीपक पांडेय ने दो विकेट लिए झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्ती चैलेंजर्स की टीम 35 ओवर खेल कर महज 212 रन ही बना पाई। टीम की ओर से शौर्य गोयल ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। समर गोयल ने 29 और बलवंत ने 26 रन का योगदान दिया। मलिक स्पोर्टिंग क्लब के गेंदबाज शाकिब अली ने तीन और आशीष चौहान ने दो विकेट लिए। मलिक स्पोर्टिंग क्लब ने इस मैच को शानदार प्रदर्शन करने वाले आलोक मिश्रा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया। पुरस्कार खैर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वहीउद्दीन मलिक ने सौंपा। अंपायर की भूमिका विकास और प्रशांत ने निभाई। स्कोर की जिम्मेदारी राजेश पाल ने निभाई। क्रिकेट कोच आलोक वर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते दिखे। बताया कि 15 दिन तक मैच चलेगा। रोजाना एक मैच खेला जा रहा है। प्रतियोगिता में बस्ती समेत अयोध्या, अंबेडकरनगर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोंडा, गोरखपुर की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।