एसटीएफ ने महाराष्ट्र के अमरावती से किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से गिरफ्तार करके लाए गए मां-बेटी हत्याकांड के 50 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी कमलेश उर्फ बिलोदर को एसटीएफ की टीम ने रविवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उसे 14 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की अगली सुनवाई 15 फरवरी को तय की गई है। इस तरह से पिता-पुत्र एक साथ जेल भेजे गए।
एसटीएफ लखनऊ के इंस्पेक्टर ओमशंकर शुक्ल की टीम ने बताया कि कप्तानगंज क्षेत्र के सेंठा निवासी कमलेश उपाध्याय उर्फ बिलोदर को 31 जनवरी को महाराष्ट्र के अमरावती जिले के आंबेडकर चौराहे से गिरफ्तार कर वहां की अदालत में पेश किया था। जहां से तीन दिन ट्रांजिट रिमांड पर उसे यहां लाया गया। रविवार को पूछताछ के बाद उसे रिमांड न्यायाधीश एसीजेएम न्यायालय में पेश किया। एसएचओ कप्तानगंज की तरफ से न्यायालय में पुलिस रिमांड की अर्जी दी गई। दलील दी गई कि वारदात का मुख्य आरोपी होने की वजह से तफ्तीश से जुड़े तमाम पहलुओं पर आरोपी से पूछताछ आवश्यक है। न्यायालय ने इस अर्जी पर कहा कि नियमित मजिस्ट्रेट इस पर सुनवाई करेंगे।