राज्य महिला आयोग सदस्य इन्द्रवास सिंह ने बुधवार को निरीक्षण भवन पर महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जन सुनवाई की। यहां कुल 11 मामले आए। इन प्रकरणों में उन्होंने त्वरित और प्रभावशाली कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन सुनवाई में वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के तेलियाडीह निवासी बानो हसीना उर्फ बानो, कलवारी थाना क्षेत्र के डकही एहतमाली की रेनू, कलवारी मुस्तहकम निवासिनी संगम दूबे व मोहनी, चकबंदी अधिकारी हर्रैया में कार्यरत रुक्मिणी पांडेय, नगर थाना क्षेत्र की दयालपुर निवासी वन्दना, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवपूजन की पत्नी सरिता के मामलों को सदस्य ने सुना। सदस्य के सामने पारिवारिक और छेड़खानी, उत्पीड़न, दुराचार के प्रयास, पति-पत्नी के बीच मनमुटाव से संबंधित मामले उठे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो प्रकरण संज्ञान में लाए गए हैं उनका प्राथमिकता के स्तर पर निस्तारण हो। उन्होंने अगली सुनवाई में संबंधित अधिकारियों को संपूर्ण विवरण के साथ आने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ कलवारी अरविन्द कुमार वर्मा, महिला थानाध्यक्ष मंजू सिंह, महिला संरक्षण अधिकारी बीना सिंह, विद्यावती, प्रिया भारती, भाजपा की जिला महामंत्री निर्मला श्रीवास्तव, शीला पाठक, दिव्या त्रिपाठी आदि ने हिस्सा लिया।