महाशिवरात्रि : मंत्रोच्चार के साथ किया जलाभिषेक, भोलेनाथ के जयकारे से गूंजे शिवाले
बस्ती। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को भोलेनाथ की भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की गई। शिव के उपासकों ने परिवार में मंगल व सुख-समृद्धि के लिए आस्था के साथ जलाभिषेक किया। जनपद में हर प्रसिद्ध शिव मंदिरों में मेले का आयोजन हुआ जबकि शाम को शहर के गांधीनगर क्षेत्र में शिव बरात निकाली गई। वहीं, प्रशासन की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस तैनात रही।
भक्त बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, दूध, चंदन आदि से थाल सजाकर शिव पूजन के लिए सोमवार रात 12 बजे के बाद शिवालयों का कपाट खुलते ही पहुंच गए। कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। बाबा भोलेनाथ के जयकारे से वातावरण गूंज रहा था। मंदिरों में
मंगलवार देर शाम तक रुद्राभिषेक व अनुष्ठान का भी कार्यक्रम संपन्न हुआ।
फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी पर भगवान शिव की उपासना के इस महापर्व पर मंगलवार को जिले के शिव मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महादेव को जलाभिषेक कर उनकी आराधना की। महाशिवरात्रि पर जगह-जगह मेले लगे थे। खासकर भद्रेश्वरनाथ, भारीनाथ, तिलकपुर, देवरिया, बरवा और कड़रधाम में भक्तों की खासी भीड़ जुटी रही। वहां गंवईं और शहरी संस्कृतियों का मिलाप देखा गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस के कड़े प्रबंध किए गए थे। भदेश्वरनाथ जाने वाली सड़क को डारीडीहा से आगे मरम्मत के लिए उखाड़ देने के वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। समाचार पत्र वितरक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश गोस्वामी की ओर से भदेश्वरनाथ मेले में खोया पाया कैंप भी लगाया गया। मंदिर परिसर में भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।
ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में भी पूजे गए भोलेनाथ
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित शिवालयों में भी भोर से ही भगवान शिव को जलाभिषेक की होड़ लगी रही। सोनहा प्रतिनिधि के मुताबिक, महादेवा, भिरिया, पक्का कुआं, मुंगरहा, लोढ़वा समेत अन्य स्थानों पर शिवरात्रि का मेला लगा। दुबौलिया प्रतिनिधि के मुताबिक, भोर के तीन बजे से ही क्षेत्र के शिवालयों में हर-हर महादेव के स्वर गूंजने लगे थे। क्षेत्र के झुंगीनाथ मंदिर, चक्रेश्वर नाथ मंदिर, सबईघीसा में बउरहवा मंदिर, रमवापुर, नैकापार, गुलौरी, शुकुलपुरा आदि शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा के लिए दुबौलिया पुलिस मौजूद रही। मुंडेरवा प्रतिनिधि के मुताबिक, देवरिया माफी, बरडाड़, भैंसा, डारीडीहा आदि स्थानों पर मेले लगे। पैकोलिया प्रतिनिधि के मुताबिक, प्राचीन शिव मंदिर, शिव परसा, बिंगवाबीर बाबा, औरातोंदा में जलाभिषेक किया गया। बनकटी प्रतिनिधि के मुताबिक, बानपुर, पहड़िया, सिद्धनाथ, कोरऊ, कुआनो संगम पर स्थित मंदिरों पर जलाभिषेक किया गया। मखौड़ाधाम, श्रंगीनारी, महादेवा, परशुरामपुर, मंड़रिया, जीतीपुर, रानीगांव में भी मेला लगा। उधर, नगर क्षेत्र के सिकटहवा, राजघाट, हरदेवनाथ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। कलवारी प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के कौलेश्वर नाथ मंदिर कलवारी, महेश्वरनाथ मंदिर भोयर, शिवमंदिर चकदहा में महाशिवरात्रि पर भक्तिमय माहौल रहा। बहादुरपुर प्रतिनिधि के अनुसार हरदेवनाथ मंदिर बहादुरपुर, शिव मंदिर डारीडीहा, बबुरहिया में जलाभिषेक हुआ तो खखोड़ा स्थित शिव मंदिर पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक के साथ संपूर्ण रामायण का पाठ कर प्रसाद वितरित किया। दुबौला प्रतिनिधि के अनुसार महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर क्षेत्र के शिवालयों में शिव भक्तों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया।
क्षेत्र के भारीनाथ सहित बड़ोखरनाथ, बेलसड़, रेहरवा सहित तिलकपुर स्थित शिव मंदिरों पर पहुंच कर भगवान भोलेनाथ को भक्तों ने आस्था के जल से नहलाया। मध्य रात्रि से ही भक्तों ने भारीनाथ मंदिर पहुंचना शुरू कर दिया। भारीनाथ में इस बार भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। बैदोलिया, हरदीबाबू, इटहिया, दुबौला, विशुनपुरा, बैरीखाला, गनेशपुर, भरवलिया, रघुनाथपुर, तेनुई चेतसिंह, मुड़िलवा आदि गांवों के भक्तों ने भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया। इस बार मेले में भारी भीड़ के चलते दुकानदारों की अच्छी बिक्री हुई। सल्टौआ प्रतिनिधि के अनुसार महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र के महादेवा, भिरिया, कोठली, दसिया, मुस्तफाबाद, पचदेवरी, बेलहरा सहित अन्य स्थानों पर स्थित शिवमंदिरों पर मेला लगा। शिव मंदिरों पर सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले में मिठाई, खिलौने तथा सौंदर्य प्रसाधन की दुुकानों पर भीड़ जुटी रही। महिलाओं और बच्चों ने मेले का आनंद उठाया। कुदरहा प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के परसांव, पाउं, गायघाट, चरकैला, बैड़ारी, छरदही, कुदरहा, लालगंज, महादेवा आदि स्थानों पर लोगों ने मेले का आनंद उठाया। गायघाट के झारखंडेश्वरनाथ मंदिर पर लगा मेला काफी आकर्षक रहा।
फोटो
हर हर महादेव के जयकारे से गूंजा लोढ़ेश्वरनाथ मंदिर
भानपुर। महाशिवरात्रि पर मेला आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं होने के बाद भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंगलवार भोर से ही लोढ़ेश्वरनाथ (लोढ़वा बाबा) मंदिर पहुंची। लोगों ने भगवान शिव को जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। मंगलवार का दिन होने के नाते बैड़ा समय माता मंदिर पर भी श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना की। क्षेत्र के भानपुर कस्बा स्थित शिव मंदिर, बारहकोनी, रामनगर, नरखोरिया, दुबौली, असनहरा, मोहम्मदनगर व धोषड़ के शिव मंदिरों में भी जलाभिषेक किया गया। संवाद