बनकटी। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनकटी परिसर स्थित बीपीएमओ कार्यालय में बृहस्पतिवार को ताला लटका रहा। निर्धारित शेड्यूल के अनुसार कार्यालय खुलने का दिन होने के बावजूद बंद मिलने से विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। बीपीएमओ कार्यालय के संचालन के लिए शेड्यूल निर्धारित है। इसके तहत बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को कार्यालय बनकटी तथा सोमवार, मंगलवार और बुधवार को मुंडेरवा सीएचसी में संचालित होना है। यहां बीपीएमओ संतोष चौधरी, बीएएम सत्येंद्र चौधरी, बीसीपीएम हिमांशी श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय, जन्म प्रमाणपत्र और स्वच्छता संबंधी कार्यों का निस्तारण किया जाता है।
बृहस्पतिवार को कार्यालय बंद मिलने से आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय भुगतान और जन्म प्रमाणपत्र संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे घनश्याम पाल, अंबूज पाल, मीना देवी और इंद्रावती पाल को लौटना पड़ा। संवाद