सुबह कोहरा तो दिन में सर्द हवा ने लोगों को किया परेशान
सूरज के दर्शन नहीं, दिन में छाए रहे बादल
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गलन भरी ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। बाजार में चहल-पहल कम हो गई। घरों में महिलाएं व बच्चे सिमटे नजर आए। अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की संख्या भी घटी है। मंगलवार से ही सूर्य के दर्शन न होने से जनजीवन प्रभावित है। मौसम विज्ञानी डाॅ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शीतलहर का सिलसिला अभी चलता रहेगा।
बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूरे दिन लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए। हल्का कोहरा के बीच लोगों की दिनचर्या बीती। बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक बूंदाबांदी का अनुमान है।
ठंड और धूप न निकलने से बहुत जरूरी न होने पर लोग बाजार जाने से बचते रहे। बाजार में ज्यादातर लोग सहालग के सामान की खरीदारी करने आ रहे हैं। कपड़ा, आभूषण समेत कुछ अन्य दुकानों को छोड़ कर अधिकतर दुकानों पर ग्राहक नजर नहीं आए। । जिला अस्पताल में मरीज और तीमारदार ठंड से सिमटे नजर आए। अस्पताल की ओर से मिले पतले कंबल ठंड को नहीं रोक पा रहे हैं। अधिकतर मरीजों को घर से मोटा कंबल मंगाना पड़ रहा है।