भानपुर। शासन स्तर पर लंबित विभिन्न मांगों के समाधान को लेकर लेखपालों ने शनिवार को आवाज उठाई। तहसील अध्यक्ष कमलभान पांडेय के नेतृत्व में लेखपालों ने मुख्य सचिव को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन एडीएम ज्ञान चंद्र गुप्ता को सौंपा। इसमें अंतर मंडलीय स्थानांतरण समेत विभिन्न मांगों के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में वर्ष 2025-26 के लेखपालों की पदोन्नति सूची जारी करने, वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम और प्रमाणपत्र जारी करने और भत्तों में वृद्धि की मांग की गई। इसके अलावा ग्राम सचिवालयों में बिना आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त भत्ते के रोस्टर न लगाने की मांग रखी गई। लेखपालों ने वेतन विसंगति दूर करने के साथ ही लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने और लैपटॉप व उच्च गुणवत्ता वाला मोबाइल उपलब्ध कराने की भी मांग की। लेखपालों ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 22 सितंबर से सभी लेखपाल अपने मूल हल्के में ही कार्य करेंगे और अतिरिक्त हल्कों का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान बृजेश यादव, हरिओम मिश्रा, भोला यादव, संजय सक्सेना, मोहित श्रीवास्तव आदि माैजूद रहे।