संवाद न्यूज एजेंसी रुधौली (बस्ती)। तहसील परिसर के बगल नहर मार्ग पर लेखपाल प्रेमपाल को पट्टे की जमीन को खतौनी पर चढ़ाने के लिए 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को गिरफ्तार किया है।
एंटी करप्शन टीम की चंगुल में आया लेखपाल भागने की भरपूर कोशिश की, मगर कामयाब नहीं हो पाया। टीम लेखपाल को उनकी कार सहित वाल्टगंज थाने गई और वहां पर प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद गोरखपुर लेकर रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, दूधराछ गांव के बिहारी लाल की पट्टे की जमीन को खतौनी पर चढ़वाने के लिए कई दिनों से तहसील का चक्कर लगा रहा था। पीड़ित बिहारी लाल का आरोप है कि कोई न कोई कमी निकालकर लेखपाल दौड़ाने लगे। बाद में लेखपाल ने 25 हजार रुपये रिश्वत की बात पर पट्टे की जमीन को खौतनी पर चढ़ाने के लिए तैयार हुए। इस बात की शिकायत पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से की थी। इसके बाद एंटी करप्शन टीम ने चक्रव्यूह रचा।
एंटी करप्शन की रणनीति के अनुसार पीड़ित बिहारी लाल लेखपाल को 25 हजार रुपये की रिश्वत देने तहसील पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि लेखपाल ने तहसील परिसर के बगल नहर मार्ग पर बुलाया। इसके पहले एंटी करप्शन की टीम आसपास घात लगाकर खड़े हो गए। थोड़ी देर में लेखपाल अपनी कार लेकर पहुंचा।
आरोप है कि पीड़ित से 25 हजार रुपये रिश्वत लेकर कार में बैठने लगा। इसी दौरान एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल का दबोच लिया।
खुद को फंसता देख लेखपाल एंटी करप्शन की टीम की चंगुल से छूटकर भागने की भरपूर कोशिश की, मगर कामयाब नहीं हो पाया। वाल्टरगंज के थानेदार ने बताया कि आरोपी पर प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद टीम लेखपाल को लेकर गोरखपुर रवाना हो गई। आरोपी लेखपाल प्रेम पाल सिंह इटावा जिले के थाना जसवंतनगर के ग्राम आलई का निवासी है।