बहादुरपुर। लुंबिनी-दुद्धी मार्ग पर कलवारी थाना क्षेत्र के बेइली में स्थित एक मैरिज हाल के पास मंगलवार की रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन नामजद व पांच अज्ञात लोगों पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की है। बेहली गांव के शिखर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे वह गांव के सामने मैरिज हाल के पास एक ढाबे पर दोस्तों के साथ खाना खाने के लिए गए थे। वहां पहले से नवनीत, विनीत तथा जुबेर मौजूद थे। उसे देखकर विनीत ने किसी के पास फोन किया। थोड़ी देर में दो गाड़ियों पर पांच-छह अज्ञात लोग आ धमके। गाड़ी रुकते ही वहां पहले से बैठे तीनों व गाड़ियों से आए लोग तमंचे से फायरिंग करते हुए हमला कर दिया। बगल खड़े एक लड़के ने धक्का दे दिया, इससे वह बच गया। छर्रा पैर में लगते हुए निकल गया। वहां मौजूद लोग गुहार लगाते हुए दौड़े तो आरोपी गाड़ियों में सवार होकर भाग गए।
शिखर ने तहरीर में कहा है कि आरोपी नवनीत, विनीत व जुबेर सोमवार की शाम को बस्ती में मिले थे। वहां भी आरोपी गाली देते हुए पिटाई की थी और जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपियों पर इंटरलाॅकिंग के ईंट का रुपये बाकी थे। वह आरोपियों से बार-बार रुपये मांग रहे थे, इसी से आरोपी रंजिश रखते थे। थानेदार गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद