बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के भनखरपुर गांव निवासी लांस नायक शरद उपाध्याय की मौत करंट लगने से नहीं बल्कि लटकने से हुई थी। थानेदार सुनील गौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आई है। सोमवार की रात करीब 11:30 बजे वह अपने कमरे में संदिग्ध हालात में मृत पाए गए थे।
वह डीआरडीओ (डिफेंस रिसर्च डवलपमेंट आर्गेनाइजेशन) का लांस नायक राजस्थान के अलवर में तैनात थे। नौ दिन पहले ही 28 दिन की छुट्टी पर घर आए थे। उसका अंतिम संस्कार मंगलवार की शाम को कर दिया गया था। लांस नायक के पिता पुलिस विभाग में थे। उसकी मौत हो चुकी है। जबकि बीआरएस लेने के बाद बड़े भाई सुरेश परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं। गांव पर शरद की पत्नी रुचि, डेढ़ साल की बेटी और मां रहती हैं। उसकी दो बहने हैं और दोनों की शादी हो चुकी है। लांस नायक की मौत के दूसरे दिन बुधवार को उसके गांव में सन्नाटा छाया रहा है। मिलने-जुलने वालों के आने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा।
पत्नी रुचि ने बताया कि पति कहीं से घूमकर मंगलवार की रात करीब आठ बजे घर आए थे। इसके बाद घर के ऊपरी मंजिल पर बने टिन शेड के कमरे में चले गए थे। पति की मौत के बाद पत्नी रुचि की आंखों से आंसू गिरने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। संवाद