गांवों में हर व्यक्ति को अभियान चलाकर लगेगा कोरोनारोधी टीका
सीएमओ ने प्रभारी चिकित्साधिकारियों से तीन दिन में कार्ययोजना तैयार देने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। गांवों में अभियान चलाकर 18 साल से ऊपर के हर शख्स को कोरोनारोधी टीका लगाया जाएगा। इस बाबत सीएमओ ने सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्साधिकारियों से तीन दिन के भीतर कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।
जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कोविड-19 टीकाकरण से ग्राम पंचायतों को शत प्रतिशत टीकाकरण करने का निर्देश दिया है। इसके अनुपालन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनूप कुमार ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को ग्राम पंचायतों में टीकाकरण की कार्य योजना तीनदिन के भीतर देने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने बताया कि प्रत्येक सप्ताह कोविड-19 का मेगा कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग टीका केंद्रों पर टीके लगाए जाते हैं। डीएम ने निर्देश दिया है कि टीकों की उपलब्धता को देखते हुए एक गांव को पूरी तरह संतृप्त किया जाए। इसके लिए आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिका और एएनएम संयुक्त रूप से प्रयास करके फर्स्ट एवं सेकंड डोज के लिए पात्र व्यक्तियों की सूची ग्राम वार तैयार करें। सूची तैयार होने के बाद गांव में टीका केंद्र स्थापित करके सभी पात्र व्यक्तियों को एक दिन में टीका लगवा दिया जाए। इस दौरान विशेष रूप से 45 प्लस, 60 प्लस तथा गर्भवती महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए शत प्रतिशत टीका लगाया जाएगा।
14,17,580 को लग चुका है टीका
जिले में अब तक कुल 14 लाख 17 हजार 580 को टीका लग चुका है। इसमें 60 वर्ष से ऊपर के 483582 लोगों को फर्स्ट डोज और 188551 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसमें 21225 हेल्थ वर्कर, 19468 फ्रंटलाइन वर्कर और 631440 वरिष्ठ नागरिक भी शामिल हैं। 18 से 44 वर्ष के 631601 को फर्स्ट डोज तथा 113846 लोगों को सेकंड डोज का टीका लगाया गया है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी व एसीएमओ डॉ. फखरेयार हुसैन ने बताया है कि हेल्थ वर्कर, फ्रंटलाइन वर्कर और वरिष्ठ नागरिकों को 640635 कोविशील्ड और 31498 कोवैक्सीन का टीका लगाया गया है। इसी प्रकार 18 से 44 वर्ष के 700154 लोगों को कोविशील्ड और 45293 लोगों को कोवैक्सीन का टीका लगाया गया है।
अधिकारियों, कर्मचारियों को प्राथमिकता पर लगेगा टीका
बस्ती। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सभी सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले लोगों का प्राथमिकता के आधार पर कोरोनारोधी का टीकाकरण होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि कहा कि 11 अक्तूबर को टीकाकरण का मेगा कैंप पूरे जिले में आयोजित हो रहा है। चुनाव ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को कोवैक्सीन का टीका लगाए जाने का उन्होंने निर्देश दिया है ताकि समय से उनका दोनों डोज का टीका लग सके। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को भी कोवैक्सीन का टीका लगवाए जाने का निर्देश दिया है, ताकि तेजी से उनका भी टीकाकरण पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन से कोवैक्सीन का टीका पर्याप्त मात्रा में प्राप्त हो रही है। संवाद