जनपद में अब तक मिले हैं 4051 कोरोना पॉजिटिव, एक्टिव केस 400
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण की सोमवार को बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर से आई जांच रिपोर्ट में एक बंदी सहित 29 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। कोरोना संक्रमण के कारण ओपेक चिकित्सालय कैली में एक संक्रमित की मौत हो गई है। जनपद में अब तक 4051 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें से 76 की मौत हो चुकी है। अब तक कुल 3575 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। सोमवार को दस पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वर्तमान में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या चार सौ पहुंच गई है। इसकी पुष्टि डीएम आशुतोष निरंजन ने की है।
डीएम के अनुसार जिले में लगातार जांच का क्रम जारी है। टीम शहर से लेकर गांव तक अभियान चलाकर कोरोना जांच कर रही है। लक्षण के अलावा बिना लक्षण वाले भी जांच करा रहे हैं। कोरोना संक्रमण का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। बावजूद इसके आम लोगों को अब भी सचेत रहने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही आपको संकट में डाल सकती है। ऐसे में आवश्यक कार्य से ही घर से बाहर निकलें। कोरोना प्रोटोकाल का शत प्रतिशत पालन करें, मुंह पर मास्क जरूर लगाएं।
डीएम ने बताया कि जिले से 140771 लोगों के नमूने जांच को भेजे गए थे। इसमें से 945 लोगों की रिपोर्ट आनी शेष है। कोरोना संक्रमण के मामले मिलने के बाद जिलेभर में 176 जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सदर तहसील में 96, हर्रैया में 57, भानपुर में नौ व रुधौली में 14 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।