जिले में 322 एक्टिव मरीज, अब तक 1835 हुए डिस्चार्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को 1249 लोगों की रिपोर्ट में 44 लोग पॉजिटिव मिले। इसमें सीएमओ कार्यालय में तैनात एक डिप्टी सीएमओ भी शामिल हैं। जिले में अब तक कोरोना के 2214 केस मिले हैं। ओपेक चिकित्सालय कैली में एक मौत के बाद कोरोना से मृतकों की संख्या 57 पहुंच गई है। जिले में वर्तमान कुल 322 एक्टिव मरीज हैं। 38 मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। अब तक कुल 1835 लोग स्वस्थ हुए हैं। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी है।
उन्होंने बताया कि कोरोना के मामले मिलने के बाद 143 जगहों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। इसमें सदर तहसील में 85, हर्रैया में 36, भानपुर में 13 व रुधौली में नौ कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित है। डीएम के मुुताबिक अब तक 63640 का नमूना लिया जा चुका है। 62441 लोगों की रिपोर्ट भी आ चुकी है, जिसमें से 60148 निगेटिव पाए जा चुके हैं। 1199 के रिपोर्ट का प्रशासन को इंतजार है। प्रशासन के निर्देश पर मेडिकल टीम ने शुक्रवार को 1651 लोगों का नमूना एकत्रित किया है।
सीएमओ कार्यालय में सभी के लिए गए नमूने
सीएमओ कार्यालय में तैनात एक डिप्टी सीएमओ की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद यहां एक टीम ने ड्यूटी करने वाले सभी डिप्टी सीएमओ व डॉक्टरों की कोरोना जांच के लिए नमूना एकत्रित किया।