जिले में अब तक मिले 1858 पॉजिटिव केस, एक्टिव केस 857, स्वस्थ होने के बाद 42 घर भेजे गए
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जिले में पिछले 48 घंटे में कोरोना से दो मौत हुई और 82 लोग संक्रमित मिले हैं। इस दौरान 42 पॉजिटिव मरीजों की तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। जिले में अब तक कोरोना के 1858 केस मिले हैं। इसमें 959 डिस्चार्ज हो चुके हैं। एक्टिव मरीज 857 है। कोरोना से अब तक 42 लोगों की जान जा चुकी है। यह जानकारी डीएम आशुतोष निरंजन ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 49223 का नमूना जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसमें से 46833 निगेटिव मिले हैं। 1858 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 497 लोगों की रिपोर्ट का प्रशासन को इंतजार है। इसके चलते जिले में 257 स्थानों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर लॉक डाउन कर दिया गया है। इसमें सदर क्षेत्र के 139 स्थान, हर्रैया के 87, भानपुर के 26 व रुधौली के पांच स्थान शामिल हैं। इन स्थानों पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसमें अधिकांश इलाके शहरी क्षेत्र के हैं।
संक्रमिताें में शनिवार को 57 और रविवार को 25 पॉजिटिव मिले। रविवार को 625 लोगों की जांच का नमूना बीआरडी मेडिकल कालेज को भेजा गया है।