22 को केजरीवाल, 24 को आएंगी मायावती
बस्ती। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को सहेजने के लिए राजनीतिक दलों के बड़े नेताओं के आने का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। 22 फरवरी को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और 24 फरवरी को पूर्व मुख्यमंत्री मायावती बस्ती में जनसभा करेंगी।
आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामयज्ञ निषाद ने बताया कि अरविंद केजरीवाल रुधौली के बुद्धि बाजार में जनसभा करेंगे। इसमें जिले के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। जनसभा की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं, बसपा के जिलाध्यक्ष जयहिंद गौतम ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री मायावती 24 फरवरी को शहर के राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगी। इसमें बस्ती मंडल के सभी प्रत्याशी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।