जिला अस्पताल में दो दशक से हृदय रोग विशेषज्ञ का इंतजार
बस्ती। जिला अस्पताल में जहां दो दशक से हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं हैं वहीं मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग विशेषज्ञ का पद ही नहीं है। ऐसे में यहां हृदय संबंधी आनेवाले मरीजों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि यहां पर रोगियों के प्रारंभिक उपचार ही मिल पाता है। जैसे ही गंभीर स्थिति आती है तो रोगी लखनऊ या गोरखपुर रेफर कर दिए जाते हैं।
उल्लेखनीय है कि जिले के सरकारी अस्पतालों में कार्डियोलाजिस्ट ही नहीं हैं। यही हाल प्राइवेट चिकित्सालयों का भी है। जिला अस्पताल में हृदय रोग विभाग में दो दशक पहले डॉ. बीपी सिंह कार्डियोलॉजिस्ट के रूप में तैनात थे। बाद में उनका स्थानांतरण बहराइच हो गया। तबसे यहां किसी की तैनाती ही नहीं हुई है। ऐसे में यहां जो भी मरीज आता है, प्रारंभिक उपचार के बाद उसको तत्काल गोरखपुर या लखनऊ रेफर कर दिया जाता है। वहीं, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ओपेक कैली चिकित्सालय को पूर्वांचल का मिनी पीजीआई कहा जाता है। यहां पर मशीनों की कमी नहीं है। मगर विशेषज्ञ डॉक्टर का पद सृजित न होने के कारण मशीनें किसी काम की नहीं हैं। विभाग पर ताला लटक रहा है। ऐसे में अब हृदय रोग विभाग में दूसरे चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं।
---
बोले, अस्पताल प्रमुख अधीक्षक
जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. आलोक कुमार वर्मा ने कहा कि हृदय रोग विभाग में चिकित्सक की तैनाती नहीं है। इसके लिए कई बार पत्राचार शासन से किया जा चुका है, मगर अब तक यहां कोई तैनाती नहीं हुई है। रही हृदय रोगियों के चिकित्सा की बात तो फिजीशियन ही प्राथमिक उपचार कर देते हैं। यदि गंभीर रोगी आ जाए तो उसको प्राथमिक उपचार देकर गोरखपुर रेफर कर दिया जाता है।
----
बोले, आईएमए अध्यक्ष
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हृदय रोगियों के लिए जिला अस्पताल व कैली में फिजीशियन हैं। यहां हर दिन करीब पांच से छह हृदय रोग के मरीज आते हैं। गंभीर मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया जाता है। वहीं, सीएमओ डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि हृदय रोग विशेषज्ञ के लिए शासन स्तर पर पत्राचार किया गया है। जिले में निजी चिकित्सालयों में भी हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं हैं।
यहां हृदय रोगियों के इलाज के लिए फिजीशियन उपलब्ध हैं, मगर हृदय रोग विभाग के लिए पद ही सृजित नहीं है। संसाधनों को सुरक्षित रखा गया है। जरूरत पड़ने पर फिजीशियन ही हृदय रोगियों का इलाज कर लेते हैं।
-डॉ. मनोज कुमार, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज बस्ती
--इनसेट---
ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सावधान
ओपेक चिकित्सालय कैली के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. बीएल कन्नौजिया ने बताया कि हृदयाघात के लक्षण सीने में दर्द अथवा तेजी से अचानक पसीना आना है। इसके अलावा कंधे में दर्द भी हृदय रोग का लक्षण होता है। मधुमेह मरीजों में अधिकांश के हृदयाघात में दर्द नहीं होता। केवल उन्हें अचानक पसीना आने लगता है। घबराहट व बेचैनी के अलावा कभी कभार उल्टी होने लगती है। यदि यह स्थिति पैदा हो तो तत्काल चिकित्सक के संपर्क में आ जाएं। जितनी जल्दी हो सके मरीज को निकटस्थ चिकित्सालय में पहुंचा दें, जहां उनका इलाज शुरू हो सके। हृदयाघात वाले मरीजों के लिए हर मिनट महत्वपूर्ण होता है।