ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के खिलाफ व्यापारियों ने विधायक को सौंपा ज्ञापन
दुकानों के सामने खड़ी वाहनों का चालान करने का लगाया आरोप
महराजगंज (बस्ती)। कप्तानगंज बाजार के व्यापारियों ने पुलिस, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व तहसीलदार पर आरोप लगाते हुए बीजेपी मंडल अध्यक्ष मोहनलाल मोदनवाल की अगुवाई में विधायक को सीपी शुक्ला को ज्ञापन दिया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पांच अगस्त को कस्बे में कप्तानगंज थाने की पुलिस व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, तहसीलदार पैदल मार्च के दौरान व्यापारियों व उनके दुकान के सामने खड़ी वाहनों का पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये का चालान काट कर रसीद पकड़ा दिया। सरकार के निर्देशानुसार कोरोना से बचाव के लिए दुकानों पर रस्सी भी बांधे हैं, गोला भी बनाए हैं। इसके अलावा मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग भी कर रहे हैं। इसके बावजूद स्थानीय पुलिस व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। प्रशासन के इस कृत्य से व्यापारियों में भय व्याप्त है। इस दौरान जयकरण गुप्ता, हरिशंकर, मुन्ना प्रसाद, ताड़क नाथ गुप्ता, रमेश चंद्र अग्रहाि, जयप्रकाश, विपुल कुमार, विनय कुमार, संदीप, उमेश कुमार, संतोष कुमार, मनोज कुमार, नरेंद्र कुमार, जयप्रकाश सोनी, मोहनलाल, बृजेश कुमार, जयकरन गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा का कहना हैं कि दुकानदारों की शिकायत मिल रही थी कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे हैं। लिहाजा अभियान के तहत कार्रवाई की गई है। किसी का गलत ढंग से चालान नहीं किया गया है।