बस्ती कलवारी मार्ग पर झिरझिरवा पुल टूटा।
लुम्बिनी-दुद्धी मार्ग पर नगर बाजार से आगे स्थित झिरझिरवा नाले पर बना लकड़ी का पुल बुधवार/बृहस्पतिवार रात भरभराकर ढह गया। इलाहाबाद से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक के गुजरते समय यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि ट्रक का आगे का हिस्सा निकल जाने के बाद पुल ढहा और ड्राइवर-खलासी सुरक्षित बच निकलने में कामयाब रहे। ट्रक का पिछला हिस्सा हादसे की चपेट में आ गया । पुल गिरने से टांडा होते हुए इलाहाबाद, वाराणसी, मिर्जापुर जाने वाला प्रमुख मार्ग बंद हो गया।
आधी रात के बाद हुई घटना के बाद दोनों तरफ गाड़ियों की लाइन लग गई। सुबह तक लोगों को जानकारी हो गई थी। जिससे काफी वाहन फुटहिया से कलवारी रोड पर आगे नहीं बढ़े। यही हाल टांडा से आने वालों का था। उधर से आ रही गाड़ियों को रामजानकी मार्ग से होकर गुजारा जाने लगा, जिससे जाम की स्थिति नहीं आई। मौके पर दोनों तरफ फंसे वाहनों को बाद में दूसरे संपर्क मार्गों से निकाला गया। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अंग्रेजों के जमाने में बना वह पुल काफी जर्जर हालत में था। बावजूद इसके उससे होकर सीमेंट व गिट्टी लदे ट्रक व अन्य भारी वाहन दिन रात गुजरते रहे। नगर बाजार निवासी असलम ने बताया कि बिना पुल बनाए रोड पर भारी वाहन गुजरते रहे लेकिन सड़क निर्माण करवा रही कंपनी ने ध्यान नहीं दिया। जिससे यह हादसा हुआ।
एसपी ने बताया कि आवागमन शुरू करने के लिए अत्याधुनिक मशीनें लेकर कई टीमें जुटी हैं। जल्द ही काम चलाऊ इंतजाम करके ट्रैफिक बहाल कर दिया जाएगा।