कचहरी स्थित चर्च में क्रिसमस की खुशियां मनाते लोग।
- फोटो : BASTI
क्रिसमस पर गूंजा जिंगल बेल-जिंगल बेल...
बस्ती। प्रभु यीशु का जन्मदिन शनिवार को हर्षोल्लास और परपंरागत ढंग से मनाया गया। कचहरी स्थित सेंट जेम्स चर्च और पुराना डाकखाना मोहल्ला स्थित सेंट बेसिल्स चर्च में प्रार्थना सभा की गई। फादर ने यीशु का संदेश पढ़कर सुनाया और अनुयायिओं को उनके मार्ग पर चलने का संकल्प दिलाया। प्रभु यीशु से कोरोना से मुक्ति दिलाने की प्रार्थना की गई।
क्रिसमस पर ईसाई समुदाय के लोगों ने केक काटा, जिंगल बेल-जिंगल बेल गीत गाए। एक-दूसरे को यीशु के जन्मदिन की बधाई दी। ईसाई समुदाय के लोगों ने घरों को आकर्षक ढंग से बिजली के झालरों से सजाया। पकवान बनाए। दोस्तों और परिचितों के बीच प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन मनाया। आकर्षक ढंग से सजाए गए सेंट जेम्स चर्च और सेंट बेसिल्स चर्च में सुबह विशेष प्रार्थना सभा की गई। सेंट जेम्स चर्च के फादर इस्ट्रिंग ने अनुयायियों को प्रभु यीशु के जन्म और उनके जीवन से जुड़ी घटनाओं के बारे में जानकारी दी। कहा कि उनका जन्म मानव कल्याण के लिए हुआ था।
बच्चों ने केक काटकर मनाया क्रिसमस
गायघाट(बस्ती)। विकास खंड कुदरहा क्षेत्र के पाऊं बाजार स्थित एक स्कूल में बच्चों ने क्रिसमस डे के अवसर पर केक काटकर प्रभु यीशु का जन्मदिन मनाया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। प्रबंधक अमरजीत यादव ने बच्चों को प्रभु यीशु के जन्मदिन से जुड़े कई रोचक प्रसंग सुनाए और कहा कि प्रभु यीशु जीवन में सभी को मानवता की शिक्षा दी। इस दौरान बच्चों ने कक्षा में टॉफिया व उपहार बांटे। इस मौके पर प्रधानाचार्य रेनू यादव, संगीता, प्रिया, प्रीति, विद्या, प्रांजल चौधरी, श्रवण चौधरी मौजूद रहे।