जनआशीर्वाद यात्रा से माहौल बनाएगी भाजपा
बस्ती। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा पूर्वांचल में जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ करेगी। हाल में पिछड़ा वर्ग कोटे से केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल पंकज चौधरी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यात्रा बस्ती से सिद्धार्थनगर होते हुए महरागंज पहुंचकर समाप्त होगी।
विधानसभा चुनाव को अब महज छह-सात महीने ही शेष हैं। भाजपा के सामने पिछले चुनाव के प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती है। मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के दिग्गज नेता एलान कर चुके हैं कि यूपी में पार्टी तीन सौ से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेगी। ऐसे में भाजपा सभी वर्गों के मतदाताओं को साधने के लिए मैदान में उतर चुकी है।
पिछड़ा वर्ग को पार्टी को जोड़ने के लिहाज से भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी सोमवार की सुबह ही लखनऊ पहुंच जाएंगे। यहां यात्रा का शुभारंभ करेंगे। यात्रा बस्ती, सिद्धार्थनगर होते हुए 18 अगस्त को महराजगंज में समाप्त होगी। इस दौरान जगह-जगह पर सभा भी होगी और पार्टी की नीतियों से आमजन को अवगत कराया जाएगा। कहा कि पूर्वांचल में भाजपा बेहद मजबूत स्थिति में है। बस्ती में विधानसभा की सभी पांच सीटों पर कमल खिला है। मोदी और योगी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों ने समाज के हर वर्ग को खुशहाल किया। ऐसे में जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।