सुभाष चौक से कंपनीबाग के बीच बिगड़ा चौड़ाई का मानक, व्यापारी संतुष्ट नहीं
मुख्यमंत्री से हुई थी शिकायत, पीडब्ल्यूडी को मिली जांच, रिपोर्ट में सब सही सलामत
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बड़ेवन-कंपनीबाग फोरलेन की चौड़ाई के मसले पर व्यापारी संतुष्ट नहीं है। सुभाष चौक से कंपनीबाग के बीच दुकानों की तरफ सड़क की अधिक चौड़ाई होनी बताई जा रही है। जबकि दूसरी तरफ बीडीए की चहारदीवारी को बचाने के चक्कर में चौड़ाई कम कर दी गई। इसको लेकर व्यापारियों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। मगर, जांच संबंधित कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी को ही सौंप दी गई। पीडब्ल्यूडी ने सब दुरुस्त होने की रिपोर्ट प्रेषित कर मामले का पटाक्षेप कर दिया है।
व्यापारियों का आरोप है कि मौके पर सड़क की चौड़ाई का मानक बिगड़ गया है। बड़ेवन-कंपनीबाग फोरलेन सुभाष चौक से कंपनीबाग के बीच विवादों में उलझी हुई है। दरअसल, यहां एक तरफ बीडीए की चहारदीवारी है और दूसरी तरफ पटरी के किनारे लोगों के दुकान और मकान। इसमें पुरानी सड़क के मध्य बिंदु से दोनों तरफ 9-9 मीटर सड़क और शेष दो- दो मीटर में दोनों तरफ नाली और पाइपलाइन का निर्माण होना है।
व्यापारियों के अनुसार, सुभाष चौक से तहसील मोड़ तक एक तरफ बीडीए की चहारदीवारी होने के नाते मध्य बिंदु से 11 मीटर की जगह 8.4 मीटर ही जगह मिल पा रही है। ऐसे में दूसरी पटरी पर दुकानों की तरफ सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर 10.4 मीटर कर दी जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि दुकानों की तरफ चौड़ाई बढ़ा देने से सड़क का मध्य बिंदु परिवर्तित हो रहा है। भविष्य में दूसरी पटरी के किनारे बनाए गए मकान और दुकान अतिक्रमण की जद में आ जाएंगे।
व्यापारियों की मंशा है कि मध्य बिंदु से दोनों तरफ बराबर चौड़ाई होनी चाहिए। मगर, बीडीए की चहारदीवारी को बचाने के लिए चौड़ाई का मानक बिगाड़ दिया जा रहा है। इस आशय की शिकायत के बाद जांच किसी दूसरे विभाग को मिलने के बजाय पीडब्ल्यूडी को ही सौंप दी गई। पीडब्ल्यूडी ने रिपोर्ट दोनों तरफ बराबर चौड़ाई होने की लगा दी है। इससे व्यापारी वर्ग संतुष्ट नहीं है।
विभाग का कहना है कि सुभाष चौक पर मोड़ होने की वजह से एक तरफ कुछ हिस्से तक सड़क की चौड़ाई एक मीटर अधिक की जा रही है। बीडीए की चहारदीवारी तक मानक के अनुरूप 9 मीटर चौड़ाई मिल रही है। पाइपलाइन का निर्माण चहारदीवारी के अंदर करा दिया गया है। इस वजह से सड़क की चौड़ाई मानक के अनुरूप है। जबकि आसपास के व्यापारी पीडब्ल्यूडी के इस तर्क को गलत बता रहे हैं। उनके अनुसार, बीडीए की चहारदीवारी की तरफ मानक के अनुरूप 9 मीटर चौड़ाई नहीं मिल रही है। यदि सड़क दूसरी पटरी पर ज्यादा चौड़ी कर बना दी गई तो बाद में इसका पता भी नहीं चल सकेगा।
..
फोरलेन सड़क की जद में निर्वाचन भवन
सुभाष चौक के ठीक बगल निर्वाचन भवन का भी कुछ हिस्सा 22 मीटर चौड़ी सड़क के दायरे में आ रहा है। मगर, इसके ध्वस्तीकरण की अनुमति प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है। दूसरी तरफ निजी लोगों का कब्जा हटाया जा रहा है। यहां सड़क के मध्य से एक तरफ 11 मीटर चौड़ाई पूरी की जा रही है। दूसरी तरफ निर्वाचन भवन की वजह से मुश्किल से नौ मीटर ही जगह मिल पा रही है। इसलिए फोरलेन इस भवन से सटकर बनानी पड़ेगी।
..
तोड़े गए निजी मकान
कटरा पानी टंकी के पास सड़क के दायरे में आ रहे दो पुराने मकान ढहा दिए गए हैैं। यहां सड़क की चौड़ाई पूरी नहीं हो रही थी। इसके अलावा तहसील भवन की भी चहारदीवारी तोड़नी पड़ी है। आवास विकास कॉलोनी मोड़ स्थित गेट और मां काली मंदिर भी वहां से हटाकर दूसरे जगह शिफ्ट करना पड़ रहा है। पर्याप्त जगह न होने से फोरलेन के किनारे फुटपाथ कहीं नहीं है। मकानों, दुकानों से बिल्कुल सटकर यह सड़क बन रही है। इससे प्रतिष्ठानों और घरों के सामने खाली जगह नहीं बची है।
..
16.58 करोड़ की लागत से तैयार हो रही फोरलेन
बड़ेवन से कंपनीबाग तक 16.58 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन बनकर तैयार होनी है। इसकी कुल लंबाई 1.750 मीटर है। इस सड़क को अक्तूबर 2024 तक बन जाना था। मगर, अभी इसके निर्माण में एक से दो माह की देरी का अनुमान लगाया जा रहा है।