बस्ती। महर्षि वशिष्ठ स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा इकाई ओपेक हॉस्पिटल कैली के गायनी वार्ड में टीकाकरण के नाम पर एक स्टाफ नर्स का घूस लेते हुए वीडियो रविवार को वायरल हो रहा है।
यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद से ओपेक हॉस्पिटल कैली में हड़कंप मच गया है। उप प्राचार्य अनिल कुमार यादव ने मामले में जांच बैठा दी है। उधर, स्टाफ नर्स का कहना है कि एक साजिश के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। वारयल वीडियो में तीमारदार यह कहते हुए साफ सुनाई दे रहे हैं कि ओपेक हॉस्पिटल कैली में बिना घूस दिए कोई काम नहीं होता है। तीमारदारों का आरोप है कि टीकाकरण के नाम पर मुंहमांगी रकम की वसूली की जाती है। नहीं देने पर बच्चों को टीका लगाने में हीलाहवाली की जाती है। हाथ में घूस की रकम आते ही बिना नंबर के टीका लगा दिया जाता है। बता दें कि इस हॉस्पिटल के गायनी विभाग में रोजाना 15 से 20 भर्ती गर्भवतियों की नार्मल एवं सीजर डिलीवरी होती है। 24 घंटे के भीतर नवजात का टीकाकरण होना जरूरी है। इसके लिए एनएचएम से दो स्टाफ नर्सों की तैनाती की गई है। बता दें कि शिशु का लगाए जाने वाला टीका सभी सरकारी अस्पतालों में निशुल्क लगाया जाता है। गायनी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अल्का शुक्ला ने वायरल वीडियो पर कुछ भी बोलने से साफ मना कर दिया। उप प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार यादव ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आया। स्टाफ नर्स से जवाब मांगा जा रहा है। संलिप्त पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।