अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू ने जीता स्वर्ण और रजत
बस्ती। गुजरात में आयोजित एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नेशनल ओपन मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप का आयोजन किया गया है। जिसमें शहर के सिविल लाइन निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट नीलू मिश्रा ने शुक्रवार को एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है।
एथलीट नीलू ने फोन पर हुई वार्ता के दौरान जानकारी दी कि बड़ोदरा में स्वर्णिम गुजरात स्पोर्ट्स स्टेडियम में 35 से 100 वर्ष की आयु वर्ग की प्रतियोगिता 16 से 19 जून तक आयोजित की गई है। उन्होंने स्वयं 50 साल की आयु वर्ग में सौ मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में प्रथम स्थान और ऊंची कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इससे पहले उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताएं जीती हैं।
नीलू ने बताया कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक करीब 84 पदक जीत चुकी हैं। वे महिला एवं बाल विकास विभाग वाराणसी में सुपरवाइजर पद पर कार्यरत हैं। बताया कि प्रतियोगिता में करीब 16 राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उनकी जीत पर क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, राना दिनेश प्रताप सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव आदि ने इस सफलता के लिए हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।