बस्ती। जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आईजीआरएस की समीक्षा की। आईजीआरएस मामलों के निस्तारण के बारे में अधिकारियों से फीडबैक लिया। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण व समय से निस्तारण की हिदायत दी।
कहा कि अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से ले और यथा संभव उनके निस्तारण का प्रयास करें। अधिकारी सभी शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित करते हुए उनसे फोन पर बातचीत करें।
जरूरी हो तो मौके पर जाकर शिकायत का समाधान कराएं। स्थल पर जाएं तो शिकायतकर्ता को अवश्य सूचित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि सभी जन-शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण व ससमय किया जाए। किसी भी दशा में कोई प्रकरण डिफॉल्टर की श्रेणी में नहीं आना चाहिए।
बैठक में सीडीओ सार्थक अग्रवाल, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, सीएमओ डाॅ. राजीव निगम, सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, डीडीओ अजय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।