बस्ती जिले में नगर थाना क्षेत्र के ग्राम अगईभगाड़ में सोमवार की शाम लगभग चार बजे मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों मे मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान 14 वर्षीय किशोर रवि राजभर पुत्र मनोज राजभर के सिर में लोहे की रॉड से चोट लग गई। इससे उसका सिर फट गया और वह वहीं अचेत होकर गिर गया।
परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बीती रात उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
नगर थाना प्रभारी नगर संतोष कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है, पुलिस मौके पर है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिवार के लोग शव लेकर आ रहे हैं।