महंगाई बनी बाधा, 176 आवास अधूरे
बीडीओ ने सचिवों को जारी किया कारण बताओ नोटिस
गौर(बस्ती)। सरकार ने गरीबों को छत मुहैया कराने के लिए गौर ब्लॉक में 1445 आवास का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अब भी 176 आवास अपूर्ण हैं। सत्यापन के दौरान पता चला कि आवास निर्माण में सबसे बड़ी बाधा महंगाई है। इससे लाभार्थी परेशान हैं।
गौर ब्लॉक में 108 ग्राम पंचायतें हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2020-21 में 1261 आवास का लक्ष्य निर्धारित हुआ। जबकि वर्ष 2021-22 में 184 आवास का लक्ष्य मिला। इस तरह 1445 आवास का लक्ष्य शासन की ओर से निर्धारित हुआ। बीडीओ के सत्यापन में 176 आवास अपूर्ण पाए गए हैं। इस पर बीडीओ ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं आवास निर्माण में रुचि न लेने वाले लाभार्थियों को सेक्रेटरी की ओर से नोटिस जारी किया गया है।
बीडीओ केदारनाथ कुशवाहा ने बताया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में रुचि न लेने वाले कर्मचारियों को लगातार कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जिन लाभार्थियों ने आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया है, उन्हें भी नोटिस भेजा जा रहा है। यदि नोटिस के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो लाभार्थियों से धन वापस कराकर सरकार के खाते में भेज दिया जाएगा और उन्हें दोबारा आवास भी नहीं मिलेगा।
लाभार्थी बोले- आसमान छू रहे निर्माण सामग्री के दाम
आवास निर्माण न करने वाले लाभार्थियों ने बताया कि बेतहाशा महंगाई के चलते आवास निर्माण नहीं हो पा रहा है। आए दिन ईंट, सरिया, मोरंग, सीमेंट और बालू के दाम आसमान छू रहे हैं। इस वजह से निर्माण कार्य संभव नहीं हो पा रहा है। सरकार की ओर से आवास निर्माण में मिलने वाली किस्त और मजदूरी में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई।