बस्ती। विकास कार्यों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना में प्रधानों की ओर से आवेदन किया गया है। मगर, जांच के फेर में फाइलें लटकी हुई हैं। ऐसे में उत्कृष्ट पंचायतों को पुरस्कार मिलने में देरी हो रही है।
हर साल मुख्यमंत्री पंचायत पुरस्कार योजना के तहत पंचायतों में कराए गए विकास कार्यों के निर्धारित बिंदुओं के आधार पर पुरस्कार के लिए पंचायतों का चयन किया जाता है। इसके लिए पंचायत राज विभाग के पोर्टल पर आवेदन करना होता है। चालू सत्र में जनपद में करीब 160 पंचायतों ने आवेदन किया है। जिला स्तरीय और उसके बाद प्रदेश स्तर पर गठित टीम की ओर से सर्वे का कार्य करके इनका चयन किया जाता है। सर्वे में बेहतर पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायतों को रैंकिंग के आधार पर पुरस्कार दिया जाता है।
बताया गया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को प्रोत्साहित करना है। जिले में 1187 ग्राम पंचायतें हैं। आवेदन के बाद प्रारंभिक जांच में 15 पंचायतों को योजना में शामिल होने के लिए पात्र पाया गया था।
इसमें से अब पांच को पुरस्कार मिलना है। जिसमें सत्यापन कर उन पांच ग्राम पंचायतों का चयन किया जाना है। सर्वे में वर्ष 2024 से 2025 तक कराए गए विकास कार्यों को परखा जाएगा। मगर, विभागीय अफसरों की ढिलाई से सूची बाहर नहीं आ पा रही है।