तेज रफ्तार कार रविवार सुबह बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई। कार सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा छावनी क्षेत्र के जमौलिया गांव के पास हाईवे स्थित एक ढाबे के पास सुबह करीब छह बजे हुआ।
घायलों के मुताबिक लखनऊ के इन्दिरा नगर निवासी विवेक सिंह अपने परिवार के साथ झारखंड गए थे। वहां परिवार के आध्यात्मिक गुरु से मिलने के बाद कार से ही वापस आ रहे थे। रविवार सुबह करीब छह बजे छावनी थाना क्षेत्र के जमौलिया गांव के आदेश लाइन ढाबे के पास पहुंचे ही थे कि उनकी कार अनियंत्रित हो कर पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में विवेक सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में बैठे विवेक के पिता सच्चिदानंद सिंह, माता सुभद्रा सिंह और पत्नी श्वेता सिंह भी घायल हुई हैं। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को फोन किया। थोड़ी ही देर बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस और एनएचआई एंबुलेंस की सेवा से सभी को श्री राम चिकित्सालय अयोध्या ले जाकर भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचने के दौरान विवेक की मां और पत्नी की स्थिति गंभीर हो गई। सभी घायलों का इलाज चल रहा है।