रुधौली थानाध्यक्ष पर होमगार्ड ने लगाया अभद्रता करने का आरोप
रुधौली (बस्ती)। कस्बे के एक पान की दुकान पर विवाद करने वाले होमगार्ड पर कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक राम कृष्ण मिश्र पर भारी पड़ी। होमगार्ड ने प्रभारी निरीक्षक पर ही अपशब्द कहने सहित तमाम आरोप लगाते हुए कमांडेंट सहित अन्य अधिकारियों से आरोपों की झड़ी लगा दी। कमांडेंट ने जब इसकी जांच की तो पता चला कि थाने में रपट लिखने की झुंझलाहट में यह शिकायत की गई है।
प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा ने बताया कि उमेश पांडेय होमगार्ड ने पांच दिन पूर्व रुधौली कस्बे में इंद्रजीत नामक पान व्यवसायी से पान खाने के बाद पैसा न देने व उससे गाली गलौज देने की शिकायत आई थी। जिसको लेकर होमगार्ड उमेश के खिलाफ रपट लिख कर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया था। उसी के द्वेष वश होमगार्ड ने शिकायत की।
बता दें कि रुधौली थाने पर तैनात होमगार्ड उमेश पांडेय की तैनाती नौ मई को रुधौली डुमरियागंज तिराहे पर थी। आरोप है कि देर रात तिराहे पर स्थित एक पान की गुमटी वाले दुकानदार से उमेश पांडेय की कुछ कहासुनी हो गई। जिसकी शिकायत दुकानदार ने प्रभारी निरीक्षक राम कृष्ण मिश्रा से की जिस पर प्रभारी निरीक्षक ने उमेश पांडेय को थाने पर तलब किया। वहां से निकलने के बाद होमगार्ड उमेश पांडेय के साथ अन्य होमगार्डों ने प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्रा पर उनकी बात न सुनते हुए अभद्र तरीके से व्यवहार करने, होमगार्डों को थाने में मोबाइल फोन इत्यादि लाने से मना करने का आरोप लगाया। जिला होमगार्ड कमांडेंट अंतिम कुमार सिंह शुक्रवार को रुधौली थाने पर पहुंचे। यद्यपि उनकी मुलाकात प्रभारी निरीक्षक से नहीं हो पाई, लेकिन फोन के माध्यम से वार्ता की। दोनों पक्षों से बात करने के बाद होमगार्ड को समझा-बुझाकर शांत कराया।