आसान नहीं हाइवे पर सफर
महराजगंज(बस्ती)। बस्ती-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस्ती से 55 किमी की फोरलेन पर यात्रा आसान नहीं है। सड़क जगह-जगह टूट रही है और जिम्मेदार चुप्पी साधे हैं। नतीजतन राहगीरों को जोखिम लेकर यात्रा करनी पड़ती है। हाइवे पर हर दिन हजारों की संख्या में वाहनों की आमदरफ्त होती है। इसी मार्ग से पड़ोसी देश के भी वाहन आते जाते हैं। बावजूद इसके जिम्मेदार सड़क सुविधा को लेकर उदासीन बने हुए हैं। सड़क की जर्जर स्थिति के चलते आए दिन हादसे भी हो रहे हैं, मगर इसका जिम्मेदारों की सेहत पर कोई असर नहीं है।
यहां क्षतिग्रस्त है सड़क
राष्ट्रीय राजमार्ग 28 पर फुटहिया, रिठीया, गोटवा, तिलकपुर, गड़हा गौतम, खजुहा, पिकौरा सानी, त्रिलोकपुर, महराजगंज, झलियहवा, बिजरा, रजौली, संसारीपुर, भदावल, बड़हर कला, डुहवा मिश्र, खतमसराय, फूलडीह, पठकापुर, केशवपुर सहित अन्य स्थानों पर सड़कें टूट गई हैं।
छलका यात्रियों का दर्द
छावनी के शिवम जायसवाल ने बताया कि हाइवे की सड़क खतरनाक बन हो गई है। बीचोंबीच गड्ढों में फंसकर आए दिन वाहन दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं।
मानपुर के प्रमोद तिवारी ने बताया कि बस्ती से गुजरने वाले हर चार पहिया वाहनों को बडेवन और चौकड़ी में टोल टैक्स देना पड़ता है, लेकिन सुविधा के नाम पर एनएचएआई की टूटी सड़कों से ही यात्रा करनी पड़ती है।
फरेन्दा के जगदीश सिंह ने बताया कि हाइवे पर चलना अब आसान नहीं रह गया है। आए दिन हो रहीं दुर्घटनाओं के बाद भी जिम्मेदार मौन हैं। उन्हें यात्रियों की सुविधाओं से कोई लेनादेना नहीं है।
तिवारीगंज के राहुल तिवारी का कहना है कि हाइवे की सड़क डेंजर जोन पर और अधिक टूट गई है, जिससे बाइक सवारों और यात्रियों को हर समय परेशान होना पड़ता है।