बस्ती। जिले के करमा देवी शैक्षणिक संस्थान के स्थापना दिवस के अवसर पर 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। संस्थान के संस्थापक आईएएस अधिकारी ओम नारायण सिंह ने बताया के मुख्यमंत्री करीब एक घंटे यहां समय देंगे।
मुख्यमंत्री के समक्ष विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। सीएम के आगमन को लेकर संस्थान के साथ-साथ जिले के अधिकारियों ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दिन में 11 बजे कॉलेज परिसर में उतरेगा। एक घंटे तक विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
नई बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, कर्मा देवी पीजी कॉलेज का वार्षिकोत्सव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड व मंच का निरीक्षण किया। उन्होंने कर्मचारियों को साफ-सफाई आदि को समय से पूर्व करने को निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी ने कार्यक्रम स्थल तक आने वाले वाहनों के पार्किंग स्थल आदि का जायजा लिया। समय रहते कार्य पूरा करने को संबंधित विभाग को आदेशित किया। अपर पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी हर्रैया संजय, थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह व फुटहिया चौकी प्रभारी विवेकानंद तिवारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।