शहर से गांव तक चला अभियान, हटा अतिक्रमण
बस्ती। अतिक्रमण पर शासन की सख्ती ने रविवार को भी रंग दिखाया। प्रशासनिक अमले ने पालिका के साथ मिलकर शहर के न्याय मार्ग पर अतिक्रमण हटवा दिया। दोपहर बाद चले अभियान की अगुवाई एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ल ने की।
अतिक्रमण पर प्रशासनिक तेवर शहरी क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। रविवार देर शाम क्षेत्र के न्याय मार्ग पर सड़क किनारे से दर्जनों दुकानों को हटा गया गया। जेसीबी लेकर निकली पालिका व प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई अतिक्रमणकारियों को स्थायी निर्माण हटाने का भी निर्देश दिया है। चार दिन पहले ही शहरी क्षेत्र में अतिक्रमण हटा लेने का एलान प्रशासन ने कर दिया था। इसके बाद भी लोग वहीं डटे रहे। रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम न्याय मार्ग पर जेसीबी के साथ पहुंची। यहां प्रशासन के तेवर भांप कर लोग खुद ही अपने टीनशेड आदि हटाना शुरू कर दिये। हालांकि जो दिशा निर्देश के अनुरूप सामान नहीं हटा उसे प्रशासन की जेसीबी ने उखाड़ दिया।
एसडीएम सदर श्रीप्रकाश शुक्ला ने कहा कि शासन के निर्देश के क्रम में कार्रवाई चल रही है। किसी भी दशा में अतिक्रमणकारियों को हटाया जाएगा। इस मौके पर एसडीएम सदर के अलावा तहसीलदार पवन जायसवाल, ईओ अखिलेश त्रिपाठी, सहायक अभियंता नगर पालिका घनश्याम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे में रविवार की सुबह एसडीएम ने पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटवाना शुरू किया तो वहां अफरातफरी मच गई। दिन भर पूरे कस्बे में जेसीबी के माध्यम से अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई से व्यापारी गुस्से में दिखे जरूर, मगर प्रशासन के कड़े तेवर के चलते कहीं कोई विवाद नहीं हुआ। सुबह करीब सात बजे हर्रेया के एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा, एनएचएआई के सेफ्टी मैनेजर श्याम अवतार शर्मा, तहसीलदार इंद्र भूषण प्रताप, एसओ सौदागर राय पुलिस फोर्स के साथ कस्बे में पहुंचे। तीन जेसीबी से अतिक्रमण वाले दुकानों के छज्जे, गलियारों और सड़क पर अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों को तोड़ा गया। कस्बे के बरदहिया बाजार, रामलीला मैदान, पुरानी गली और हाइवे के दोनों सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाया गया। एसडीएम व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि कस्बे में दुकानदारों द्वारा सर्विस रोड और गलियारों में कई वर्षों से अतिक्रमण किया गया था इससे पूरे कस्बे में आए दिन जाम लगता था। इसे खाली कराने के लिए सभी को नोटिस जारी किया गया था। जल्द ही कप्तानगंज और विक्रमजोत में भी अभियान चलेगा।