बस्ती। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में परिषदीय शिक्षक भी उलझे हुए हैं। विद्यालय परिसरों में एसआईआर फार्म भरने के लिए माथा पच्ची पूरे दिन हो रही है। इस कार्य में बीएलओ, लेखपाल, शिक्षक और शिक्षामित्र लगाए गए हैं। निगरानी में प्रशासनिक अधिकारी भी घंटे- दो घंटे में पहुंच रहे हैं। इससे पठन-पाठन का माहौल बिगड़ा हुआ है। शिक्षक भी एसआईआर प्रक्रिया में व्यस्त है।
जानकारों के अनुसार अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में पोलिंग बूथ है। इसलिए एसआईआर फार्म भरने का मुख्य केंद्र स्कूलों को ही बनाया गया है। यहां बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) और उनकी निगरानी में लगाए गए लेखपाल, शिक्षक और शिक्षामित्र भी जुट रहे हैं। दिन भर एसआईआर फार्म अपलोड करने की माथा पच्ची चल रही है। लगभग एक महीने से यह प्रक्रिया चलने के कारण विद्यालयों में पठन-पाठन का माहौल बिगड़ा हुआ है।
विभागीय जानकार बताते हैं एसआईआर की वजह से ही 28 नवंबर से होने वाली अर्द्धवार्षिक परीक्षा स्थगित कर दी गई है। अब इसकी नई तिथि 10 दिसंबर कर दी गई है। इसके अलावा पाठ्यक्रम भी अभी पूरा नहीं हुआ है। शिक्षकों पर एसआईआर के साथ-साथ पाठ्यक्रम पूरा करके बच्चों के परीक्षा कार्य का बोझ अतिरिक्त रूप से बढ़ गया है। विभाग के अनुसार दो सौ परिषदीय शिक्षक और एक हजार शिक्षामित्र एसआईआर कार्य में लगा दिए गए हैं। इससे फुर्सत मिलने के बाद ही वह शैक्षिक कार्य में समय दे पाएंगे।
अतिरिक्त कक्षाएं करनी पड़ रहीं संचालित : बहादुरपुर। बहादुरपुर ब्लाॅक क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्हौली में प्रधानाध्यापक सहित तीन शिक्षक तैनात हैं। यहां एक शिक्षक सीसीएल अवकाश पर है। एक अन्य शिक्षक की ड्यूटी एसआईआर में लगा दी गई है। विद्यालय पठन-पाठन के लिए सिर्फ प्रधानाध्यापक अकेले बचे हैं। तीन जूनियर कक्षाओं को नियमित संचालित करने में एक शिक्षक अक्षम साबित हो रहे हैं।
इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रधानाध्यापक अटल विहारी उपाध्याय ने बताया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा 10 दिसंबर से प्रस्तावित है।
उनके विद्यालय पर बूथ न होने के कारण एसआईआर में लगे शिक्षक को दूसरे जगह बूथ तक जाना होता है। इधर, छात्रों का कोर्स पूरा कराने के साथ रिवीजन भी कराना है। एसआईआर कार्य में लगे शिक्षक बूथ पर सुबह जल्दी पहुंचकर वहां कार्य निपटाने के बाद विद्यालय पहुंचते हैं। हम लोग प्रयास करके बच्चों का कोर्स पूरा करा रहे हैं। वहीं प्राथमिक विद्यालय कटरूआ में कुल 62 छात्र पंजीकृत है। यहां एक शिक्षा मित्र व दो शिक्षक तैनात है। सभी की ड्यूटी एसआईआर में लग गई है।
जिससे बच्चों के पढ़ाई का कोर्स पूरा करना चुनौतीपूर्ण है। प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश शुक्ल कहते हैं कि एसआईआर राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसके साथ- साथ शिक्षण कार्य भी किया जा रहा है। बच्चों का कोर्स पूरा कराने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं ली जा रही है। प्राथमिक विद्यालय ऐलिया में 36 छात्र पंजीकृत है। यहां सिर्फ एक ही शिक्षक की ड्यूटी एसआईआर में लगाई गई है। इसलिए शिक्षण कार्य बहुत प्रभावित नहीं है। संवाद
बहादुरपुर: प्राथमिक विद्यालय कटरूआ में एसआईआर कार्य करते बीएलओ और शिक्षक।