प्रयागराज से जीआरपी ने दबोचे तीन इनामी बदमाश
तीनों पर गोरखपुर व जीआरपी में दर्ज हैं केस
तीनों के खिलाफ एनबीडब्ल्यू व कुर्की का जारी हुआ था आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। जीआरपी की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को प्रयागराज रेलवे स्टेशन के गेट नंबर एक से दबोचा है। तीनों पर एसपी रेलवे ने दस-दस हजार रुपये पुरस्कार रखा था। गिरफ्तारी के बाद विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों को जीआरपी ने न्यायालय भेजा है।
विवेचक जीआरपी थानेदार एमपी चतुर्वेदी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र कुमार निवासी नगला सरताज थाना अकबराबाद जनपद अलीगढ़, इसी जिले व इसी थाना क्षेत्र के दिनावली निवासी कन्हैया सिसौदिया व केहरी सिंह निवासी बवनाहार थाना सिकन्दरा राव जिला हाथरस के रूप में हुई।
जीआरपी थाना प्रभारी चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ गोरखपुर जिले के स्थानीय थाना व जीआरपी थाने में पहले से गैंगस्टर से संबंधित केस दर्ज हैं। पुलिस को इनकी बहुत दिनों से तलाश थी। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए न्यायालय की ओर से एनबीडब्ल्यू व कुर्की का आदेश जारी किया गया था। काफी प्रयास के बाद भी पुलिस फरार आरोपियों को गिरफ्तार नही कर सकी। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग गोरखपुर ने 10-10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। बताया कि मुखबिर की सूचना पर सर्विलांस व जीआरपी टीम ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन के गेट नम्बर एक से गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना किया गया।