हर्रैया। थाना क्षेत्र के लिए खम्हरिया सुजात गांव में सगे चाचा ने बृहस्पतिवार की रात में सोते समय भतीजे सत्यम पांडेय (22) के सिर और चेहरे पर ईंट से कई वार कर लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल भतीजे को मृत समझकर आरोपी घटना की जानकारी अन्य परिजनों को देकर भाग गया।
आरोपी के चौथे नंबर के भाई राजेश पांडेय की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां से भी उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की रात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के भाई की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खम्हरिया सुजात गांव निवासी सत्यम पांडेय के पिता अशोक पांडेय व मां की मृत्यु हो चुकी है, दोनों गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। बृहस्पतिवार रात करीब एक बजे सत्यम के चौथे नंबर के चाचा राजेश पांडेय ने पुलिस को मोबाइल से सूचित किया कि उसके तीसरे नंबर के भाई योगेश उर्फ सोनू पांडेय ने भतीजे सत्यम पर सोते समय ईंट से वार कर लहूलुहान कर दिया है।
सूचना के करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। आरोपी के भाई व अन्य संबंधी घायल सत्यम को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। शुक्रवार की रात को इलाज के दौरान सत्यम ने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को आरोपी चाचा योगेश व सत्यम में नशे की हालत में विवाद हुआ था। इसके बाद सत्यम घर में सोने चला गया। आरोपी व सत्यम एक ही घर में अगल-बगल रहते हैं।
रात में हुई कहासुनी से बौखलाए योगेश ने सो रहे सत्यम के सिर और चेहर पर ईंट से कई वार कर दिए। पड़ोसियों के मुताबिक घटना के बाद उसने घर वालों को बताया और फरार हो गया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। सत्यम का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। सत्यम के चाचा राजेश उर्फ राजू पांडेय की तहरीर पर आरोपी चाचा पर गैर इरादतन हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश में जुटी है।