भानपुर। बिजली घर के निकट खराब पड़े वाटर कूलर को नगर पंचायत ने शुक्रवार को ठीक करा दिया। वाटर कूलर खराब होने की खबर बृहस्पतिवार को प्रमुखता से छपी थी। इसके तुरंत बाद नगर पंचायत के अधिकारी हरकत में आ गए और वाटर कूलर को ठीक करा दिया।
यह वाटर कूलर कई दिनों से खराब था। राहगीरों को इस भीषण उमस भरी गर्मी में ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा था। नगर पंचायत कार्यालय के प्रभारी अविनाश मिश्र ने बताया कि वाटर कूलर की चिलर यूनिट व टुल्लू पंप में तकनीकी खराबी आ गई थी। उसे ठीक करा दिया गया है। बताया ऐसी शिकायतों को विभाग तुरंत संज्ञान में लेकर फौरी तौर पर समाधान कराने का प्रयास करता है, जिससे लोगों को कोई परेशानी न हो।