- रेलवे प्रशासन की ओर से लिया गया यातायात पावर ब्लॉक
- कुछ ट्रेनों को बस्ती रेलवे स्टेशन से चलाया जा रहा
बस्ती। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से लिए गए यातायात पावर ब्लॉक के कारण इंटरसिटी सुपरफास्ट, लालकुआं एक्सप्रेस के साथ गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर को निरस्त कर दिया गया है। वहीं, रविवार को गोरखपुर-हैदराबाद और गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस को गोरखपुर के स्थान पर बस्ती रेलवे स्टेशन से चलाया जाएगा।
यातायात पावर ब्लॉक के चलते तीन मई को गोरखपुर जंक्शन से जाने वाली ट्रेन संख्या 07076 गोरखपुर हैदराबाद विशेष एक्सप्रेस और 22423 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस को गोरखपुर के स्थान पर बस्ती रेलवे स्टेशन से चलाई जाएगी। यह ट्रेन उस दिन गोरखपुर और बस्ती के बीच में निरस्त रहेगी। वहीं, चार मई को ट्रेन संख्या 22424 अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस अपनी यात्रा बस्ती रेलवे स्टेशन पर समाप्त करेगी। यह ट्रेन उस दिन गोरखपुर नहीं जाएगी।
इन ट्रेनों से गोरखपुर और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों को बस्ती रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़नी पड़ेगी। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। ट्रेनों के निरस्त होने व परिवर्तित मार्ग से चलाए जाने के कारण यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
इस समय सहालग का सीजन होने से जहां यात्रियों की आवाजाही बढ़ गई है। वहीं, छोटे रेलवे स्टेशनों से पैसेंजर ट्रेन से सफर करने वाले यात्री काफी परेशान हो रहे हैं, जहां उन्हें कम पैसे में आसानी से यात्रा पूरी हो जाती थी। अब उन्हें अधिक पैसे खर्च कर प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
डाउन कुशीनगर एक्सप्रेस 10 घंटे देरी से आई
एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट होने का सिलसिला जारी है। आए दिन ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। गर्मी में ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को कई घंटे तक प्लेटफाॅर्म पर बैठना पड़ रहा है और उन्हें कई तरह की परेशानियां झेलनी पड़ रही है। रेलवे समय सारणी के अनुसार, शुक्रवार को सुबह जाने वाली डाउन कुशीनगर एक्सप्रेस का सुबह 5:28 बजे स्टेशन पर आने का समय था, लेकिन 10 घंटे लेट होने से यह ट्रेन शाम को 3:30 बजे के बाद स्टेशन पर आई। इसी तरह पुणे-गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को दोपहर 1:55 बजे आने का समय था, लेकिन 12:30 घंटे लेट होने से यह ट्रेन अब शनिवार सुबह में आएगी।
इसके अलावा जो अन्य ट्रेनें विलंब से चल रही हैं। उनमें आम्रपाली एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, थावे एक्सप्रेस एक घंटे, जननायक एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, छत्रपति शिवाजी टर्मिनल गोरखपुर स्पेशल 8:30 घंटे, गोरखपुर स्पेशल 3:30 घंटे और गोरखपुर पुणे स्पेशल एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से सात घंटे की देरी से चल रही है।
गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे पैदल उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के चलते 29 अप्रैल से यातायात पावर ब्लॉक लिया गया है, जिसके कारण कुछ ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। एक से दो ट्रेनों का बस्ती रेलवे स्टेशन से संचालन कराया जा रहा है। ट्रेनों को समय से चलाने को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। - सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर