रुधौली। साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रेक्सिस विद्यापीठ कस्बा रुधौली में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रभारी निरीक्षक ने छात्राओं को साइबर अपराधों के प्रकार और उनसे बचने के उपाय की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल युग में साइबर अपराध गंभीर समस्या बन चुकी है, जिसमें अपराधी कंप्यूटर, मोबाइल या इंटरनेट से आर्थिक, मानसिक या सामाजिक हानि पहुंचाते हैं। उन्होंने बालिकाओं को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें तथा अज्ञात व्यक्ति से बातचीत या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार दुबे ने साइबर अपराधों के प्रमुख प्रकारों हैकिंग, फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया अपराध, डेटा चोरी और साइबर बुलिंग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फर्जी वेबसाइटों, ईमेल या सोशल मीडिया से ठग लोगों के अकाउंट व निजी डाटा तक पहुंच बना लेते हैं, जिससे बड़ी आर्थिक क्षति हो सकती है। छात्राओं को बताया गया कि किसी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत शिकायत करें। साइबर हेल्पलाइन नंबर सबको नोट कराया। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी हथियार है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा साइबर सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे।