नगर बाजार (बस्ती)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय के पास गंदगी और इससे उठ रही दुर्गंध से छात्राएं परेशान हैं। बरसात के मौसम में उनके स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने का खतरा है।
छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के बगल गंदगी से बहुत परेशानी हो रही है। गंदा पानी व कीचड़ भरा होने से यहां मच्छरों की भरमार है। ऐसे में बीमारी फैलने का खतरा है। जबकि इसी विद्यालय से सटे बीआरसी भी है। वार्डेन नीलम पांडेय ने बताया कि विद्यालय के बगल बड़ा गड्ढा है। उसमें हमेशा बदबूदार व कीचड़ युक्त पानी भरा रहता है। स्थानीय बच्चे वहीं शौच करते हैं और जानवर भी विचरण करते हैं। इस संबंध में बीएसए व ईओ को पत्र भेजा गया है, जिससे परिसर के आसपास साफ-सफाई हो सके।
नगर पंचायत की ईओ सृष्टि सिंह ने कहा कि प्रकरण संज्ञान में आया है। दो से तीन दिन में गंदगी व कूड़ा-करकट साफ करवा दिया जाएगा।