कोरोना से बच्ची की मौत, 123 की रिपोर्ट पॉजिटिव
बस्ती। जिले में कोरोना की दूसरी लहर में पहली बार एक दिन में 123 लोगों की रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आई है। इनमें 10 लोग मुंबई से लौटे हैं। वहीं शनिवार को ओपेक चिकित्सालय कैली में कोरोना से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। जिले में दो दिनों के भीतर कोरोना से यह दूसरी मौत है।
जिले में मुंबई से लौटे 266 यात्रियों की जांच कराई गई। उनमें से दस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 300 हो गई है। जिले में कोरोना की दूसरी लहर में पहली बार 123 पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इससे पहले वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण का एक दिन का आंकड़ा सौ नहीं पार कर सका था। अब 123 की रिपोर्ट से इसका अंदाज सहज लगाया जा सकता है कि कोरोना संक्रमण कितनी तेजी से पांव पसार रहा है। शनिवार को लखनऊ से आए आरटीपीसीआर की जांच में रिपोर्ट से स्वास्थ्य महकमे को और सतर्क कर दिया है।
कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत कुशवाहा ने बताया कि जिले में 13 मार्च से अभियान चलाकर नमूने लिए जा रहे हैं। पहले चरण में रेलवे स्टेशन पर मुंबई से आने वाले यात्रियों की जांच कराई जा रही थी, मगर अब इसे विस्तारित कर दिया गया है। कोरोना संक्रमण की सर्वाधिक संख्या शनिवार को लखनऊ से आई है। अब तक 27 दिन में करीब 50 हजार नमूनों की आरटीपीसीआर जांच कराई जा चुकी है, जिसमें 342 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। जिले में अब तक कुल 24 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इसकी पुष्टि कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. अजीत कुमार कुशवाहा ने की। उन्होंने बताया कि लगातार जांच कर नमूने लिए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन के अलावा रोडवेज और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर शनिवार को भी जांच कराई गई।
इधर बहादुरपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पवन वर्मा ने बच्ची के कोरोना से मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि उसे गंभीर बीमारी भी थी। लखनऊ रेफर किया गया था, जहां उसे कोरोना पॉजिटिव बताकर वापस कर दिया गया। शुक्रवार को उसकी दोबारा जांच हुई, मगर वह फिर पॉजिटिव पाई गई। शनिवार की सुबह उसे सांस लेने में दिक्कत होने पर ओपेक चिकित्सालय कैली भेजा गया, जहां उसकी दोपहर बाद मौत हो गई है।