जाम से निजात दिलाना पालिका के लिए टेढ़ी खीर
बस्ती। लाइलाज हो चुकी जाम की समस्या से निपटने के लिए नए सिरे से कवायद हो रही गई है। नगर पालिका परिषद ने मुख्य बाजार में दो स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था का खाका खींच रहा है। जीआईसी और गांधीनगर के टाउन क्लब की भूमि पर पार्किंग बनाई जाएगी। हालांकि अतिक्रमण एवं बढ़ते वाहनों के चलते जाम से निजात दिला पाना टेढ़ी खीर है।
डीएम आशुतोष निरंजन ने दो दिन पहले विकास कार्यों की बैठक में नगर पालिका परिषद को शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने, जाम से निपटने के लिए 15 दिन में योजना बनाने के निर्देश दिए थे। जिले में पंजीकृत तीन लाख 15 हजार बाइक और 22 हजार 500 कारों के होने से एक चौथाई भाग को भी पार्किंग मुहैया कराने में पालिका के पसीने छूट जाएंगे। पालिका क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोग परेशान हैं। कोई समय से ऑफिस नहीं पहुंच पाता है तो कोई स्कूल। दशकों पुराने इस मर्ज का इलाज ढूंढने में जिला प्रशासन नाकाम रहा है। अस्पताल चौराहा, रोडवेज तिराहा यदि पर आप नजर दौड़ाएं तो यहां अक्सर जाम लग जाता है। कभी-कभार एंबुलेंस तक इस जाम में फंस जाती है। लोग जाम से जूझते नजर आते हैं। सबसे अधिक भीड़ गांधीनगर मार्ग पर रहता है। सुबह तो गनीमत लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, लोगों की तादात बढ़ती जाती है। जाम के चलते उठने वाले ध्वनि प्रदूषण से बुजुर्गों व बच्चों को सबसे अधिक समस्या होती है। यही हाल कंपनीबाग चौराहा, कटरा पानी टंकी मार्ग सहित अन्य स्थानों का है। आरटीओ कार्यालय के अभिलेख के अनुसार जिले में तीन लाख 15 हजार बाइक, 22 हजार पांच सौ कार, आठ सौ स्कूली बस, 5500 ऑटो रिक्शा, 24 हजार ट्रैक्टर, सात सौ टैक्सी जीप, 450 बसें पंजीकृत हैं। नगर पालिका अध्यक्ष रूपम मिश्र कहती हैं कि दो स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था बनाई जाएगी, एक राजकीय इंटर कॉलेज के समीप व दूसरा टाउन क्लब परिसर में। इस व्यवस्था से काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।
अतिक्रमण ने बढ़ा दी है समस्या
शास्त्री चौक से लेकर यदि आप रोडवेज तिराहे तक नजर दौड़ाएं तो सड़क की दोनों पटरियों पर अतिक्रमण है। इन दुकानदारों के पास पार्किंग तक की व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते खरीदारी करने पहुंचने वाले ग्राहक वाहनों को सड़क की पटरियों पर ही खड़ा कर देते हैं। आड़े-तिरछे खड़े वाहन भी जाम लगने का मुख्य कारण हैं। इन गाड़ियों के चलते पैदल चलने वाले लोगों को भी काफी असुविधा होती है।