बस्ती। शहर का न्यायमार्ग भी अतिक्रमण की चपेट में है। यहां सड़क की दोनों पटरियों पर स्थायी एवं अस्थायी कब्जा है। कहीं दुकानदारों के जनरेटर रखे हुए हैं तो कहीं विद्युत खंभे की आड़ में दुकानें भी सज रही हैं। कचहरी एवं कलक्ट्रेट में आने वाले फरियादियों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं है। लोग सड़क के किनारे ही खाली जगह देखकर दो और पहिया वाहन खड़ा काम निपटाते हैं।
पानी की टंकी से कचहरी चौराहा तक डेढ़ किमी लंबी सड़क की चौड़ाई सात मीटर से घटकर तीन से चार मीटर बची है। यहां सड़क के निर्माण होने के साथ दोनों तरफ इंटरलॉकिंग फुटपाथ भी बनाया गया है। मगर, अवैध कब्जे के चलते दोनों तरफ का फुटपाथ गुम हो गया है। इस मार्ग पर स्थित बड़े प्रतिष्ठानों के मालिक जहां फुटपाथ पर जनरेटर रखकर कब्जा किए हैं, वहीं चायपान के दुकानदारों का फुटपाथ पर ही बेंच और टेबल सजती है।
रही-सही कसर सड़क के दोनों तरफ अवैध वाहन पार्किंग पूरी कर दे रही है। ऐसे आवागमन का दबाव बढ़ते ही यहां जाम की समस्या ला-इलाज हो जा रही है। पिछले साल जिला प्रशासन की ओर अभियान चलाकर इस सड़क को खाली कराया गया था। इसके बाद अतिक्रमणकारी फिर अपने कब्जे वाले स्थान पर धीरे-धीरे आ पहुंचे हैं।
कचहरी में सबसे अधिक समस्या
जनपद न्यायालय के सामने जाम की समस्या हर समय रहती है। कार्यालय दिवस में यहां सड़क के एक तरफ अधिवक्ताओं का चैंबर भरा रहता है। दूसरी तरफ चहारदीवारी के बाहर सड़क तक बाइक एवं चार पहिया वाहन खड़े कर दिए जा रहे हैं। शहरी आवागमन जैसे ही बढ़ता है यहां जाम की समस्या ला-इलाज बन जाती है। कभी-कभी तो घंटों जाम लग जाता है।
कलक्ट्रेट और कचहरी होने से अक्सर रहती है भीड़
इस मार्ग से कलक्ट्रेट और कचहरी सटे होने के कारण यहां अक्सर भीड़ रहती है। बावजूद इसके इस क्षेत्र में पार्किंग स्थल नहीं है। वादकारियों एवं फरियादियों को अपने वाहन इधर- उधर सड़क के किनारे ही खड़ा करना पड़ रहा है। इससे केवल सड़क ही सड़क दिखती है। फुटपाथ कब्जे में रहता है।
अफसर भी समस्या से है रूबरू
न्याय मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या से जिले के आला अफसर भी हर रोज रूबरू हो रहे हैं। कलक्ट्रेट, विकास भवन, एसपी आफिस और न्यायालय होने के कारण लगभग सभी जिला स्तरीय अधिकारियों में दिन एक - दो बार आना जाना इस मार्ग से होता है। बावजूद इसके अतिक्रमणकारियों की सेहत पर इसका कोई असर नहीं पड़ता है।
22 जनवरी के बाद अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया जाएगा। इस बार अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। सड़क पर यदि जनरेटर एवं अन्य वस्तुएं पाई गईं तो उसे जब्त कर लिया जाएगा।
-गुलाब चंद्र, एसडीएम सदर