गौर बाजार में दुकानें बंद होने से परेशानी संवाद
गौर। सराफा व्यापारी के साथ मंगलवार रात मारपीट करने, शराब पीने के लिए रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने के विरोध में व्यापारियों ने बुधवार सुबह गौर बाजार बंद कर दिया। बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों के विरोध के बाद पुलिस ने सराफा व्यापारी की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। दोपहर बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं।
गौर बाजार निवासी सराफा व्यापारी उमेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद बड़ौदा बैंक के पास एक दुकान पर नाश्ता करने गए थे। रात में घर लौटते समय कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने अपशब्द कहते हुए शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर बाजार के अन्य व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद व्यापारी रात में ही थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
बुधवार सुबह उद्योग व्यापार संगठन इकाई गौर के अध्यक्ष अजय कसौधन, उपाध्यक्ष अमित जायसवाल और महामंत्री किशन कसौधन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दीं। व्यापारी सड़क पर उतर आए और नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने दोपहर में गौर थाना क्षेत्र के इटबहरा गांव निवासी पंकज कुमार के अलावा अमरजीत निराला, शुभम राज, राकेश और विशाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान ने व्यापारियों से शांति बनाए रखने और दुकानें खोलने की अपील की। पुलिसकर्मियों के साथ काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद दोपहर बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं। दुकानें खुलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। थानाध्यक्ष ने बताया कि बाजार में शांति व्यवस्था कायम है।
दोपहर तक चाय-पानी के लिए परेशान रहे लोग
व्यापारियों के प्रदर्शन के कारण गौर बाजार में सुबह से दुकानें बंद रहीं। इससे आम लोगों को चाय-पानी तक के लिए परेशानी उठानी पड़ी। रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने पहुंचे ग्राहकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद दुकानें खुलने के बावजूद बाजार में सामान्य दिनों जैसी रौनक नहीं दिखी।
थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान ने बताया कि सराफा व्यापारी की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोपहर बाद व्यापारियों ने दुकानें खोल दीं। बाजार में शांति व्यवस्था कायम है।